रियलिटी शो ‘बिग बॉस हिंदी’ अपने 20वें सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। इस बार शो में सिर्फ कंटेस्टेंट ही नहीं, बल्कि गेम खेलने का तरीका भी बदलने वाला है। जियोहॉटस्टार और कलर्स ने ‘बिग बॉस 20’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें सलमान खान ने सीजन के सबसे बड़े ट्विस्ट ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ का खुलासा किया है।
Bigg Boss 20 में मिलेगा ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’
ट्रेलर में सलमान खान मुकाबले के बीच पहुंचकर गेम रोकते नजर आते हैं। इसके बाद वह अपने खास अंदाज में ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ का ऐलान करते हैं। इस नए ट्विस्ट के मुताबिक, इस सीजन घर में मौजूद हर कंटेस्टेंट को एक अतिरिक्त मौका मिल सकता है।
हालांकि, यह जीवनदान कब मिलेगा, कैसे काम करेगा और किन परिस्थितियों में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ऐसे में ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ शो के सबसे बड़े सस्पेंस में से एक बना हुआ है।
बदल जाएगा Bigg Boss 20 का गेमप्ले
ट्रेलर से संकेत मिल रहे हैं कि इस बार कंटेस्टेंट्स के लिए सिर्फ सुरक्षित रणनीति अपनाकर आगे बढ़ना आसान नहीं होगा। उन्हें सही समय पर जोखिम लेने के साथ-साथ अपनी रणनीति में लगातार बदलाव करना पड़ सकता है।
‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ मिलने के बाद कंटेस्टेंट किस तरह इसका इस्तेमाल करते हैं और क्या यह उनके गेम का पूरा समीकरण बदल देगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
20वें सीजन पर मेकर्स ने क्या कहा?
जियोस्टार में हिंदी एवं इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के हेड आलोक जैन ने कहा कि ‘बिग बॉस’ के 20 सीजन पूरे करना किसी भी एंटरटेनमेंट फ्रेंचाइजी के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस बार गेमप्ले में नई परतें और चुनौतियां जोड़ी गई हैं, जिससे कंटेस्टेंट्स को अपनी रणनीति पर लगातार दोबारा विचार करना पड़ेगा।
वहीं, सलमान खान ने भी संकेत दिया कि इस बार सिर्फ बिग बॉस का गेम ही नहीं, बल्कि गेम खेलने का तरीका भी बदला हुआ नजर आएगा।
Bigg Boss 20 Grand Premiere कब और कहां?
‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होगा। शो को जियोहॉटस्टार और कलर्स पर देखा जा सकेगा।
अब देखना होगा कि ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ का यह नया ट्विस्ट कंटेस्टेंट्स के खेल और शो के पूरे समीकरण को कितना बदलता है।



