रांची के बिरसा मुंडा जेल में विचाराधीन कैदी से यौनाचार के आरोपों की विभागीय जांच शुरू

जेल आईजी के निर्देश पर जांच टीम होटवार जेल पहुंची, कई लोगों से की पूछताछ; प्राथमिकी में जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और चिकित्साकर्मियों समेत 19 लोगों के नाम रांची, 13 नवंबर। रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में एक विचाराधीन कैदी के साथ

जेल आईजी के निर्देश पर जांच टीम होटवार जेल पहुंची, कई लोगों से की पूछताछ; प्राथमिकी में जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और चिकित्साकर्मियों समेत 19 लोगों के नाम

रांची, 13 नवंबर। रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में एक विचाराधीन कैदी के साथ कथित यौनाचार, मारपीट और जबरन नशीला पदार्थ पिलाने के गंभीर मामले में विभागीय जांच शुरू हो गई है। जेल महानिरीक्षक (आईजी) सुदर्शन मंडल के निर्देश पर शुक्रवार को जांच अधिकारियों की टीम जेल पहुंची और मामले से जुड़े कई लोगों से पूछताछ की। जांच दल का नेतृत्व निदेशक ज्ञान शंकर जायसवाल कर रहे हैं। टीम में प्रोबेशन अधिकारी चंद्र मौली सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।

इस मामले में पीड़ित के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत में जेल के अंदर बंद कुछ कैदियों के साथ-साथ जेल प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्राथमिकी में कुल 19 लोगों के नाम और पद का उल्लेख किया गया है। इनमें जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के चिकित्साकर्मी भी शामिल हैं।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता का पुत्र रांची से जुड़े एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद था। उसे रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। इसके बाद वह जेल से बाहर आया, लेकिन पिता का आरोप है कि जेल में कथित रूप से हुई घटनाओं के कारण वह मानसिक रूप से परेशान है।

पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया है कि जेल में रहने के दौरान उनके बेटे के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर जबरन अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। शिकायत के अनुसार, पहली घटना 12 जून 2026 की रात की है। आरोप है कि कुछ बंदियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और मेकअप कर लड़की के रूप में प्रस्तुत किया। इसके बाद उसे कोई तरल पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह बेहोशी की हालत में चला गया।

आरोप है कि इसके बाद उसे घसीटकर वार्ड संख्या 3-ए में ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उसके साथ जबरन यौनाचार किया और धमकाया।

रामनवमी और सरहुल के दौरान भी उत्पीड़न का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, दूसरी घटना रामनवमी के आसपास हुई। आरोप है कि इस दौरान भी युवक को जबरन लड़की के रूप में तैयार किया गया और नशीला पदार्थ पिलाने के बाद वार्ड संख्या तीन में ले जाकर उसके साथ यौनाचार किया गया।

तीसरी घटना सरहुल पर्व के दौरान की बताई गई है। पिता का आरोप है कि उसी गिरोह के लोगों ने युवक को घसीटकर वार्ड संख्या चार और पांच के आसपास ले जाकर उसके साथ फिर से यौनाचार किया। हालांकि, प्राथमिकी में दूसरी और तीसरी घटना की सटीक तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।

शिकायत करने पर आवेदन फाड़ने का आरोप

पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि युवक ने जेल के अंदर हुई घटनाओं की शिकायत वार्ड इंचार्ज से की थी। उसने लिखित आवेदन देकर अपने साथ हुए कथित अत्याचार की जानकारी दी थी। आरोप है कि वार्ड इंचार्ज ने शिकायत सुनने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया और आवेदन फाड़ दिया।

शिकायतकर्ता का दावा है कि बंदियों के बीच कथित यौन उत्पीड़न की जानकारी जेल प्रशासन को दिए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

जेल अस्पताल के चिकित्साकर्मियों पर भी आरोप

प्राथमिकी में जेल अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, कथित यौन उत्पीड़न के बाद युवक ने अपने निजी अंगों में चोट और परेशानी की शिकायत की थी। वह इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सक ने उसकी परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया।

चिकित्सक पर दुर्व्यवहार करने और जांच या इलाज से इनकार कर युवक को वापस भेजने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि 12 जून 2026 को युवक की रिहाई के समय जेल प्रशासन ने उसकी चिकित्सकीय जांच नहीं कराई और न ही स्वास्थ्य संबंधी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कीं।

खेलगांव थाने में 12 नवंबर को दर्ज हुई प्राथमिकी

प्राथमिकी में जेल के अंदर बंदियों के रूप में पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबीसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बधाई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव और पोगो समेत अन्य लोगों के नाम दर्ज हैं। इसके अलावा वार्ड इंचार्ज, एक पुलिसकर्मी, संतोष उरांव, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अधिकारी को भी आरोपित बनाया गया है।

खेलगांव थाना में प्राथमिकी संख्या 0066/2026 के तहत 12 नवंबर 2026 की रात मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 351, 352 और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक मनीष शिवम को सौंपी गई है।

शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित घटनाओं में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल जेल प्रशासन की ओर से विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।


Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.