बेरमो/बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल में गुरुवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। सीसीएल के कथारा क्षेत्र अंतर्गत कथारा कोलियरी के पांच नंबर पुराने कोयला स्टॉक में कोयले का ढेर अचानक धंस गया। इसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की दबकर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के समय सभी लोग पुराने कोयला स्टॉक में कोयला चुनने पहुंचे थे।
कोयला चुनने के दौरान अचानक धंसा ढेर
जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के नौ लोग कथारा कोलियरी के पांच नंबर पुराने कोयला स्टॉक में कोयला चुन रहे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का बड़ा ढेर धंस गया और सभी लोग उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में गंभीर रूप से दब गईं तीन महिलाओं को कथारा क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब चार बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान मंडई टोला निवासी पुष्पा देवी (पति गल्लू रजवार), पारटांड़ निवासी कौशल्या देवी (पति विश्वनाथ यादव उर्फ मुंडला यादव) और बाबूराम टोला निवासी सहोदरी देवी (पति हीरालाल यादव) के रूप में हुई है।
तीनों महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के बाद ग्रामीण शवों को लेकर अपने घर चले गए।
छह लोग घायल, एक का इलाज जारी
हादसे में घायल छह लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक घायल का इलाज जारी है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
सीसीएल अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलने पर सीसीएल प्रबंधन के पीओ रंजीत कुमार, एसओ सेफ्टी आरके वर्णवाल सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रबंधन की ओर से पेलोडर मशीन लगाकर धंसे हुए कोयले को हटाया गया और घटनास्थल की जांच की गई।
कथारा ओपी प्रभारी राहुल राम ने हादसे में तीन महिलाओं की मौत और अन्य लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। वहीं, डीएसपी रविंद्र सिंह ने बताया कि कोयला चुनने के दौरान मलबा धंसने से तीन महिलाओं की मौत हुई है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल स्थानीय प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। पुराने कोयला स्टॉक में सुरक्षा के इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।



