चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी, सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को दिए निर्देश

प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री, इको-टूरिज्म, बोटिंग और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर; स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की योजना चांडिल/सरायकेला-खरसावां। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चांडिल डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से काफी प्रभावित हुए।

प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री, इको-टूरिज्म, बोटिंग और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर; स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की योजना

चांडिल/सरायकेला-खरसावां। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चांडिल डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से काफी प्रभावित हुए। मंगलवार को परिजनों के साथ डैम पहुंचे मुख्यमंत्री ने इसे विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

धातकीडीह जाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ डैम और आसपास के क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने पर्यटन संवर्धन के साथ जल प्रबंधन, चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने तथा बिजली उत्पादन और उससे जुड़ी संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा, बोटिंग सुविधा होगी आधुनिक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती को देखते हुए इसे बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और बोटिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री का मानना है कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से इस क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

पर्यावरण संरक्षण के साथ होगा क्षेत्र का विकास

मुख्यमंत्री ने डैम और आसपास के इलाके के समग्र विकास के लिए पर्यावरण अनुकूल दीर्घकालिक योजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया में क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इसके लिए पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, जल प्रबंधन और आधारभूत संरचना के विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की जरूरत है।

विधायक कल्पना सोरेन समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के चांडिल डैम भ्रमण के दौरान उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और चांडिल के एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के कई अधिकारी मौजूद थे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.