पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए बिहार के 10 हजार से अधिक घाटों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। राजधानी पटना में गंगा नदी के 100 से अधिक घाटों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी और चिकित्सा सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
छठ महापर्व में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न महानगरों और विदेशों से करीब 50 लाख लोग बिहार लौटे हैं। इनमें लगभग 40 लाख लोग ट्रेन से, जबकि करीब 10 लाख लोग हवाई जहाज, बस और निजी वाहनों से अपने घर पहुंचे हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई समेत कई शहरों में काम करने वाले प्रवासी अपने परिवार के साथ पर्व मना रहे हैं।
पटना के 100 से अधिक गंगा घाटों पर व्यवस्था
पटना में गंगा नदी के 100 से अधिक घाटों पर छठ व्रतियों के अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। गंगा का जलस्तर दूर होने या अन्य कारणों से परेशानी वाले स्थानों पर वैकल्पिक इंतजाम भी किए गए हैं। एलसीटी घाट, राजापुर पुल घाट और पहलवान घाट के पास अस्थायी तालाब बनाए गए हैं। इनमें प्रत्येक तालाब पर एक साथ करीब 500 व्रती अर्घ्य दे सकेंगे। तालाबों की बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा के लिए सैंडबैग भी रखे गए हैं।
घाटों पर चेंजिंग रूम, यात्री शेड, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और रोशनी की व्यवस्था की गई है। दानापुर से दीदारगंज तक 453 चेंजिंग रूम, 15 बड़े यात्री शेड, 185 वाटर टैप, 50 पानी के टैंकर, 607 शौचालय और 560 यूरिनल की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के लिए पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ तैनात
छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमों को तैनात किया गया है। पटना में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 1400 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा 46 प्रमुख घाटों पर दमकल गाड़ियों और अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई है। करीब 450 अग्निशमनकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तथा प्रशिक्षित गोताखोर भी मुस्तैद हैं। घाटों पर मेडिकल टीम को आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
पटना में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
छठ पूजा को देखते हुए पटना की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। यातायात पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों ओर वाहनों का परिचालन और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगा।
अशोक राजपथ पर करगिल चौक से दीदारगंज तक सामान्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्धारित नियमों के अनुसार छूट दी गई है।
विभिन्न जिलों में भी छठ घाटों पर तैयारियां पूरी
बिहार के गया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, नालंदा, सुपौल, खगड़िया और रोहतास समेत विभिन्न जिलों में छठ घाटों को सजाया गया है। गया के सूर्यकुंड में व्रतियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। बेगूसराय के सियाराम दास सरोवर और बड़ी पोखर में विशेष व्यवस्था की गई है। समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक नदी के घाटों की साफ-सफाई की गई है।
रोहतास जिले के तिलौथू में सोन नदी के तट पर 65 नावों को आपस में जोड़कर घाट तैयार किया गया है। कई स्थानों पर रंगोली, आकर्षक रोशनी, चेंजिंग रूम और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
आज संध्या अर्घ्य, कल उगते सूर्य को अर्घ्य
चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।



