IITF-2026 में झारखंड बना फोकस स्टेट, सीएम हेमंत सोरेन ने किया झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन

‘विकास और विरासत’ थीम पर सजा झारखंड पवेलियन, महिला उद्यमिता, टसर सिल्क और स्थानीय हस्तशिल्प को मिला विशेष स्थान रांची, 14 नवंबर। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में इस बार झारखंड को फोकस स्टेट के रूप में अपनी उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और विकास की संभावनाओं

‘विकास और विरासत’ थीम पर सजा झारखंड पवेलियन, महिला उद्यमिता, टसर सिल्क और स्थानीय हस्तशिल्प को मिला विशेष स्थान

रांची, 14 नवंबर। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में इस बार झारखंड को फोकस स्टेट के रूप में अपनी उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया। इस वर्ष पवेलियन की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसके माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान के साथ राज्य सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पवेलियन पहुंचने पर पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।

महिला उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर विशेष फोकस

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया। उन्होंने राज्य के अलग-अलग विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर प्रदर्शित पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, कला-संस्कृति और उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली।

इस बार पवेलियन में महिला उद्यमिता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, टसर सिल्क और स्थानीय हस्तशिल्प को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को भी स्थान दिया गया है, ताकि उनके काम और हुनर को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।

‘विकास और विरासत’ के जरिए झारखंड की पहचान को बढ़ावा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में झारखंड हर वर्ष अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। इस बार भी राज्य सरकार के विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों और पहलों को प्रदर्शित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘विकास और विरासत’ थीम के जरिए राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की संभावनाओं को देश के पटल पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, महिला समूहों की भागीदारी बढ़ाने और कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने की पहल को मेले में प्रमुखता दी गई है।

स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को मिलेगा व्यापक बाजार

झारखंड पवेलियन में विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों को सामने रखा गया है।

वहीं, टसर सिल्क, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से झारखंड के कारीगरों और शिल्पकारों को व्यापक बाजार से जोड़ने की संभावनाएं भी प्रस्तुत की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य राज्य की सांस्कृतिक विरासत और विशिष्ट पहचान को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध कराना है।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.