जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े पांच हथियारबंद अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर करीब 43 लाख रुपये नकद और गोल्ड लोन का सोना लूट लिया।
जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक की शाखा में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद करीब पांच हथियारबंद अपराधी शाखा के अंदर घुस गए और कर्मचारियों तथा बैंक में मौजूद ग्राहकों को बंदूक की नोक पर अपने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने बैंक के गार्ड के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर पर दबाव बनाकर लॉकर खुलवाया। बताया जा रहा है कि अपराधी बैंक से करीब 43 लाख रुपये नकद के अलावा गोल्ड लोन से संबंधित सोना भी लूटकर फरार हो गए।
करीब एक घंटे तक बैंक में रहे अपराधी
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल के मुताबिक, वारदात को पांच हथियारबंद अपराधियों ने अंजाम दिया। सभी अपराधियों के पास बंदूक थी। अपराधियों ने करीब एक घंटे तक बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में रखा और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान बैंक के गार्ड ने अपराधियों का विरोध करने की कोशिश की। इसके बाद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।
CCTV फुटेज से अपराधियों की पहचान की कोशिश
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने के साथ उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी टीमों को सक्रिय कर दिया है। अपराधियों के संभावित ठिकानों और उनके भागने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अलार्म नहीं बजने की भी जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि डकैती के दौरान बैंक मैनेजर या कर्मचारियों की ओर से अलार्म क्यों नहीं बजाया जा सका। जांच के दौरान बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और घटना के समय मौजूद कर्मचारियों की भूमिका से जुड़े पहलुओं को भी देखा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। लूटे गए नकद और सोने की बरामदगी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।


