Jharkhand Health Minister Irfan Ansari: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। ड्यूटी से गायब मिले दो अधिकारियों पर शो-कॉज नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। मंत्री ने जल्द अतिरिक्त डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति का भी भरोसा दिया।
जामताड़ा: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को जामताड़ा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो पदाधिकारी अपने कार्यालय से अनुपस्थित मिले। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने को कहा।
मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों से मुलाकात कर इलाज, दवाओं तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर भी जांचा और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जामताड़ा में जल्द होगी डॉक्टरों और विशेषज्ञों की नियुक्ति
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सकों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जामताड़ा सदर अस्पताल में जल्द ही अतिरिक्त डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्थानीय मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़े। अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
अस्पताल में राजनीति और हंगामा बर्दाश्त नहीं
अस्पताल परिसर में राजनीतिक गतिविधियों और हंगामे को लेकर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मारपीट और हंगामा किए जाने के कारण नौ डॉक्टर भयभीत होकर अस्पताल छोड़कर चले गए थे।
मंत्री ने कहा कि अस्पताल मरीजों के इलाज का स्थान है, राजनीति का केंद्र नहीं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज के साथ केवल एक अटेंडेंट को ही अस्पताल में प्रवेश की अनुमति दी जाए। इसके अलावा झंडा और लाठी लेकर अस्पताल पहुंचने तथा अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक गतिविधियों और हंगामे के कारण मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि अस्पताल की व्यवस्था में सुधार, डॉक्टरों की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



