झारखंड सरकार ने छात्र आंदोलन के बीच 22 प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द और 6 स्थगित कर दी हैं। 23 परीक्षाएं CID जांच के दायरे में रहेंगी। JPSC-JSSC में सुधार के लिए भी बड़े फैसले…
Ranchi News: झारखंड में छात्रों के आंदोलन के बीच राज्य सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 17 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक के निर्णयों से संबंधित अधिसूचनाएं जारी कर दी गई हैं। सरकार के फैसले का कुल 45 प्रतियोगी परीक्षाओं और उनके परिणामों पर सीधा असर पड़ेगा।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार 22 प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द की गई हैं, जबकि 6 परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। इसके अलावा 23 परीक्षाओं को CID जांच के दायरे में रखा गया है।
11वीं से 13वीं JPSC समेत कई परीक्षाएं रद्द
रद्द की गई परीक्षाओं में 11वीं से 13वीं JPSC परीक्षा, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) भर्ती और JSSC CGL परीक्षा समेत कई महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।
सरकार ने TDPL एजेंसी की ओर से आयोजित विभिन्न परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। जिन परीक्षाओं की प्रारंभिक प्रक्रिया किसी दूसरी एजेंसी से कराई गई थी, उनके परिणाम भी रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
23 परीक्षाएं CID जांच के दायरे में
सरकार के फैसले के तहत छह परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। इन परीक्षाओं की जांच CID को सौंपी गई है। इसके अलावा 17 अन्य परीक्षाओं की भी CID जांच कराने का फैसला लिया गया है।
इस तरह कुल 23 प्रतियोगी परीक्षाएं CID जांच के दायरे में रहेंगी।
इन परीक्षाओं को किया गया रद्द
अधिसूचना संख्या 5402
- विश्वविद्यालयों में गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती (09/2025)
- सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी बैकलॉग भर्ती (10/2025)
- सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी नियमित भर्ती (11/2025)
- औषधि निरीक्षक भर्ती (12/2025)
- राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक बैकलॉग भर्ती (02/2026)
- राजकीय पॉलीटेक्निक एवं महिला पॉलीटेक्निक में व्याख्याता बैकलॉग भर्ती (03/2026)
- राजकीय पॉलीटेक्निक एवं महिला पॉलीटेक्निक में व्याख्याता नियमित भर्ती (04/2026)
- चिकित्सा महाविद्यालयों के सुपर स्पेशलिस्ट विभागों में सहायक प्राध्यापक भर्ती (07/2026)
अधिसूचना संख्या 5403
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) भर्ती (22/2023)
- सहायक वन संरक्षक भर्ती (03/2024)
- वन क्षेत्र पदाधिकारी भर्ती (04/2024)
- सहायक सरकारी अभियोजक बैकलॉग भर्ती (05/2025)
- सहायक सरकारी अभियोजक नियमित भर्ती (06/2025)
- झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2025 (01/2026)
- झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा बैकलॉग-2025 (05/2026)
- झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा बैकलॉग-2023 (06/2026)
अधिसूचना संख्या 5404
- खाद्य सुरक्षा अधिकारी भर्ती (18/2023)
- बाल विकास परियोजना पदाधिकारी भर्ती (21/2023)
- संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2023 (01/2024)
इसके अलावा JSSC CGL परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।
JSSC CGL में अनियमितता की शिकायत के बाद फैसला
सरकार की अधिसूचना के मुताबिक JSSC CGL परीक्षा में अनियमितता की शिकायत पर गठित SIT की जांच तथा JPSC में कथित अनियमितताओं की CID जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की तैयारी
JPSC और JSSC की परीक्षाओं में अनियमितता से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का निर्णय लिया है। इसके लिए झारखंड हाईकोर्ट से आग्रह किया जाएगा।
इसके साथ ही दोनों आयोगों में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ गठित किए जाएंगे।
आयोगों में सुधार के लिए समिति गठित होगी
सरकार ने JPSC और JSSC में सुधार के लिए आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में समिति गठित करने का भी निर्णय लिया है। समिति आयोगों की कार्यप्रणाली में सुधार और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए सुझाव देगी।



