रांची, 24 अक्टूबर । झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को रांची पहुंचे। रिंग रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक तरीके से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान नितिन नवीन ने खुद मांदर बजाकर आदिवासी कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
आदिवासी कलाकारों के बीच नितिन नवीन ने बजाया मांदर
बैठक स्थल के मुख्य द्वार पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे आदिवासी कलाकार ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर नृत्य कर रहे थे। कलाकारों की प्रस्तुति देखकर नितिन नवीन भी उनके बीच पहुंचे और गले में मांदर टांगकर उसे बजाया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रांची विधायक सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायसवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
चंदन तिलक और पुष्पवर्षा से हुआ नेताओं का स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी समेत अन्य पदाधिकारियों का भी पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर नेताओं के माथे पर चंदन का तिलक लगाया। इसके बाद पुष्पवर्षा और आरती के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
भाजपा नेताओं को ‘जोहार’ लिखा पारंपरिक गमछा पहनाकर भी सम्मानित किया गया। बैठक स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण नजर आया।
जिलाध्यक्षों और प्रभारियों के साथ बैठक से शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सबसे पहले सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक शुरू होगी।
बैठक में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा नेताओं के पोस्टरों से सजा परिसर
प्रदेश कार्यसमिति बैठक को लेकर कार्यक्रम स्थल को विशेष रूप से सजाया गया है। परिसर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं।
बैठक में शामिल होने वाले नेताओं और पदाधिकारियों का पंजीकरण भी किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर पहुंचने वाले नेताओं का पारंपरिक गमछा पहनाकर स्वागत किया जा रहा है।
अमर बाउरी बोले- जनता वर्तमान सरकार से परेशान
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार से जनता परेशान है।
अमर बाउरी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राज्य को बेहतर नेतृत्व देने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों के साथ राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी मंथन होगा।



