रांची: इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए झारखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। राज्य सरकार किसी भी संभावित स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स समेत राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला सदर अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
अस्पताल प्रबंधन को संदिग्ध मरीजों की तत्काल पहचान, समय पर रिपोर्टिंग और समुचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल तैयारियां पूरी रखने को कहा गया है।
झारखंड में अब तक इबोला का कोई मामला नहीं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, झारखंड में अब तक इबोला वायरस से संक्रमित किसी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर राज्य सरकार ने संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।
केंद्र सरकार की गाइडलाइन के आधार पर रिम्स सहित विभिन्न अस्पतालों में विशेष आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी संदिग्ध मरीज के सामने आने पर उसे तत्काल अलग रखकर आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके।
संदिग्ध मरीज मिलने पर तत्काल सूचना देने का निर्देश
राज्य सरकार ने स्वास्थ्य अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि इबोला का कोई संदिग्ध मामला सामने आने पर बिना देर किए राज्य मुख्यालय को सूचना दी जाए। समय पर रिपोर्टिंग, मरीज की पहचान और उपचार के साथ संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए अस्पतालों की तैयारियों को मजबूत कर रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित न हो।



