झारखंड में फिर सक्रिय हुए माओवादी संगठन, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया अलर्ट; 8 नवंबर से तीन सप्ताह तक विशेष कार्यक्रम

रांची: झारखंड में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की गतिविधियों को लेकर पुलिस मुख्यालय सतर्क हो गया है। नवंबर महीने में माओवादी संगठन की ओर से लगातार तीन सप्ताह तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सूचना के बाद राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का

रांची: झारखंड में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की गतिविधियों को लेकर पुलिस मुख्यालय सतर्क हो गया है। नवंबर महीने में माओवादी संगठन की ओर से लगातार तीन सप्ताह तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सूचना के बाद राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का निर्देश जारी किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) की ओर से 5 नवंबर 2026 को जारी गोपनीय पत्र में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को विशेष निगरानी रखने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

इस अलर्ट के दायरे में रांची, जमशेदपुर और धनबाद समेत सभी जिले शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड जगुआर और रेल पुलिस के अधिकारियों को भी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है।

तीन चरणों में कार्यक्रम मनाने की तैयारी

पुलिस मुख्यालय को मिली सूचना के अनुसार, माओवादी संगठन नवंबर में तीन अलग-अलग चरणों में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है।

  • 8 से 15 नवंबर: खूनी क्रांति सप्ताह
  • 16 से 22 नवंबर: दमन विरोधी सप्ताह
  • 24 से 30 नवंबर: शहीद सप्ताह

इन कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। यह निर्देश विशेष शाखा के एसपी (एसआइबी) की ओर से 4 नवंबर को भेजी गई सूचना के आधार पर जारी किया गया है।

कमजोर होने के बावजूद घटना की आशंका

पुलिस मुख्यालय के पत्र में उल्लेख किया गया है कि लगातार गिरफ्तारियों, आत्मसमर्पण और पुनर्वास की प्रक्रिया के कारण माओवादी संगठन कमजोर हुआ है। हालांकि, संगठन की गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त नहीं माना जा सकता। विशेष सप्ताहों के दौरान किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इसी को ध्यान में रखते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।

सरकारी कार्यालय, बैंक और रेलवे हो सकते हैं निशाने पर

पुलिस मुख्यालय ने आशंका जताई है कि माओवादी संगठन सुरक्षा बलों के प्रतिष्ठानों के अलावा सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों को भी निशाना बनाने की कोशिश कर सकता है। संभावित संवेदनशील स्थानों में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, बैंक, वित्तीय संस्थान, वन विभाग के कार्यालय और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठान शामिल हैं।

इसके अलावा रेलवे परिसर, सड़कें, पुल-पुलिया, संचार सेवाओं से जुड़ी आधारभूत संरचनाएं, सार्वजनिक परिवहन और हाट-बाजारों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

पुलिसकर्मियों की नियमित ब्रीफिंग और एसओपी पालन का निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) ने निर्देश दिया है कि विशेष सप्ताहों के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों की नियमित ब्रीफिंग की जाए। सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन कराया जाए।

माओवादी प्रभाव वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

नक्सलियों की रणनीति से सतर्क रहने की हिदायत

पुलिस मुख्यालय ने पूर्व की घटनाओं का हवाला देते हुए एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी दी है। पत्र में कहा गया है कि माओवादी छोटी-मोटी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस बल को घटनास्थल पर बुलाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पहले उसका गहन सत्यापन किया जाए और उसके बाद ही जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जाए।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सुरक्षा और विधि-व्यवस्था से जुड़े आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि नवंबर के इन तीन सप्ताहों के दौरान राज्य में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.