रांची, 29 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित प्रभाव, बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका को देखते हुए झारखंड सरकार ने किसानों की फसल सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर धान की फसल को हुए नुकसान का तत्काल स्थलीय सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करने का निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशासनिक टीमें गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करें और बारिश व तूफान से फसलों को हुई वास्तविक क्षति का निष्पक्ष आकलन करें। प्रभावित किसानों की सूची तैयार कर पात्र किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने को कहा गया है।
डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट कहा कि फसल क्षति के आकलन में किसी तरह की लापरवाही या खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से किसानों के हित को प्राथमिकता देते हुए समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाए निगरानी
मंत्री ने जिला प्रशासन को आपदा प्रबंधन की तैयारियां दुरुस्त रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन को स्थानीय स्तर पर आवश्यक संसाधन और राहत व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है।
उन्होंने सभी उपायुक्तों से प्रखंडवार फसल क्षति की रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को समेकित प्रतिवेदन भेजने को कहा, ताकि राज्य में फसल नुकसान की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
अस्पतालों में 10 अतिरिक्त बेड और जरूरी संसाधन रखने के निर्देश
मौसम खराब होने की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मंत्री ने सभी सिविल सर्जनों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। सरकारी अस्पतालों में कम से कम 10 अतिरिक्त बेड, आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीजन और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उन्होंने वज्रपात, सर्पदंश और बारिश से होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए भी अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक तैयारियां रखने का निर्देश दिया।
किसानों को राहत दिलाने पर जोर
सरकार की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि फसल क्षति का सर्वे जल्द पूरा कर पात्र किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए। प्रशासन को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।



