देवघर, दुमका, गिरिडीह समेत 10 जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना
रांची, 4 अक्टूबर। झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने सोमवार, 5 अक्टूबर को राज्य के 10 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में 8 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना बनी हुई है। इस दौरान कुछ इलाकों में वज्रपात और तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
इन 10 जिलों में येलो अलर्ट
5 अक्टूबर को जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, हजारीबाग, कोडरमा और चतरा शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं रहने की सलाह दी है।
पाकुड़ सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पाकुड़ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची में धूप के साथ उमस
रविवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। दिनभर धूप खिली रहने के कारण लोगों को हल्की गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 24 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 22.5 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 32.5 और न्यूनतम 23.1 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम 34.6 और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में बदलाव जारी रह सकता है।



