करम पर्व प्रकृति, संस्कृति और सामुदायिक जीवन-दर्शन से जुड़ने का अवसर: शिल्पी नेहा तिर्की

रांची विश्वविद्यालय में करम महोत्सव के दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि करम पर्व प्रकृति, संस्कृति और सामुदायिक जीवन-दर्शन से जुड़ने का अवसर है। रांची, 22 सितंबर: राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में करमा पर्व की धूम है। गांवों से लेकर शहरों तक

रांची विश्वविद्यालय में करम महोत्सव के दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि करम पर्व प्रकृति, संस्कृति और सामुदायिक जीवन-दर्शन से जुड़ने का अवसर है।

रांची, 22 सितंबर: राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में करमा पर्व की धूम है। गांवों से लेकर शहरों तक अखड़ों में करम गीतों की गूंज और मांदर की थाप सुनाई दे रही है। लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करमा पर्व मना रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को रांची विश्वविद्यालय के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा संकाय के अखड़ा में करम महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

करम केवल पर्व नहीं, जीवन-दर्शन को समझने का अवसर: शिल्पी नेहा तिर्की

महोत्सव को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि करम केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा, संस्कृति और सामुदायिक जीवन-दर्शन को समझने का अवसर है। यह पर्व अपनी जड़ों से जुड़ने, समृद्ध विरासत को समझने और उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से अपने पारंपरिक ज्ञान, जीवन-पद्धति और संस्कृति का वाहक रहा है। जल, जंगल और जमीन के साथ संतुलित जीवन जीने और प्रकृति के संरक्षण की उसकी परंपरा में ऐसा समृद्ध ज्ञान और अनुभव है, जिससे आधुनिक समाज भी सीख सकता है।

आदिवासी ज्ञान और परंपराओं को मिले उचित सम्मान

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आदिवासी समाज को केवल लाभार्थी के रूप में देखने के बजाय उसके ज्ञान, अनुभव, परंपराओं और जीवन-दृष्टि को समझने तथा उससे संवाद करने की जरूरत है। विकास की प्रक्रिया में आदिवासी समाज की भागीदारी केवल योजनाओं के लाभ तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसके पारंपरिक ज्ञान और अनुभव को भी उचित सम्मान और स्थान मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज भारत की प्राचीन सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके इतिहास, पहचान और योगदान को स्वीकार करना किसी दूसरे समाज के अधिकारों को कम करना नहीं, बल्कि भारत के इतिहास, संस्कृति और विविधता को व्यापक रूप से स्वीकार करना है।

भाषा, लोकगीत और अखड़ा सांस्कृतिक विरासत के जीवंत माध्यम

मंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज के संरक्षण की चर्चा केवल संवैधानिक अधिकारों और संरक्षण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। वास्तविक सांस्कृतिक संरक्षण तभी संभव है, जब आदिवासी भाषाओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों, पारंपरिक ज्ञान और अखड़ा जैसी सामुदायिक संस्थाओं को संरक्षित और मजबूत किया जाए।

उन्होंने कहा कि भाषा, गीत, नृत्य और अखड़ा केवल संस्कृति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि पीढ़ियों से संजोए गए ज्ञान, स्मृति, संवाद और सामुदायिक पहचान के जीवंत माध्यम हैं। अखड़ा सामाजिक संवाद, सामुदायिक एकजुटता और सांस्कृतिक हस्तांतरण की महत्वपूर्ण कड़ी रहा है। इसलिए इन्हें मजबूत करना सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है।

पर्यावरण संरक्षण के दौर में आदिवासी जीवन-दृष्टि की प्रासंगिकता

करम पर्व की प्रासंगिकता बताते हुए शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की सीख कोई नई अवधारणा नहीं है। आदिवासी समाज ने पीढ़ियों से जल, जंगल, जमीन और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की परंपरा को आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और टिकाऊ विकास जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे समय में आदिवासी समाज का पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति के साथ सामंजस्य की जीवन-दृष्टि और अधिक प्रासंगिक हो जाती है।

नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का संदेश

मंत्री ने कहा कि करम पर्व अपनी जड़ों, भाषा, संस्कृति और सामुदायिक पहचान से जुड़ने का अवसर देता है। इस समृद्ध विरासत को केवल उत्सवों तक सीमित रखने के बजाय नई पीढ़ी को इसके ज्ञान, मूल्यों और जीवन-दृष्टि से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि करम पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, समुदाय के प्रति जिम्मेदारी और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सजग रहने का संदेश देता है। यह पर्व अपनी जड़ों को याद करने, भाषा और संस्कृति को सहेजने तथा इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा, झारखंड ओपन यूनिवर्सिटी के कुलपति सहित कई शिक्षाविद और विभाग से जुड़े लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने करमा पर्व की सांस्कृतिक परंपरा और इसके महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.