पिठोरिया थाना प्रभारी पर भी कार्रवाई की मांग, रांची में स्थापित की जाएगी निशा भगत की आदमकद प्रतिमा
रांची: आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठनों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। केंद्रीय सरना समिति, जनजाति सुरक्षा मंच और क्षेत्रीय सरना समिति समेत कई संगठनों ने प्राथमिकी में नामजद आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और पिठोरिया थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर पहले पिठोरिया थाना का घेराव किया जाएगा। इसके बाद रांची और पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया जाएगा।
नामजद आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
सोमवार को चड़री सरना समिति के सामुदायिक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पिठोरिया थाना में दर्ज प्राथमिकी में नामजद अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
सुनियोजित हत्या का लगाया आरोप
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने आरोप लगाया कि निशा भगत आदिवासी धर्म, संस्कृति और समाज के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती थीं। वह भू-माफियाओं और सरकारी तंत्र के खिलाफ भी मुखर थीं। इसी कारण उन्हें कथित तौर पर मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
बबलू मुंडा ने घटना को आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि नामजद आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आदिवासी संगठन आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
रांची में स्थापित होगी निशा भगत की प्रतिमा
जनजातीय सुरक्षा मंच के संदीप उरांव ने रांची में निशा भगत की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। वहीं, मेघा उरांव ने कहा कि आदिवासी समाज इस मामले में चुप नहीं बैठेगा और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
संगठनों के प्रधान महासचिव अशोक मुंडा ने राज्य में आदिवासियों के खिलाफ बढ़ती हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता में कई संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में सोमा उरांव, सनी उरांव, करमा तिग्गा, गुरुचरण मुंडा और विक्रम उरांव समेत विभिन्न आदिवासी संगठनों के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने निशा भगत के मामले में निष्पक्ष जांच, नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी और न्याय सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।



