FICCI के शताब्दी सम्मेलन में पीएम का संबोधन, दावा- 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले; कारोबारियों से ग्लोबल मार्केट में उतरने और क्वालिटी सुधारने की अपील
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश का विकास नहीं होता। देश की आर्थिक प्रगति के लिए किसानों, उद्यमियों और कारोबारियों की भूमिका को समझना जरूरी है। गुरुवार को दिल्ली में फिक्की (FICCI) के शताब्दी सम्मेलन में उद्योगपतियों और कारोबारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। उनके अनुसार, इस अवधि में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए गरीबी में आई कमी को देश की आर्थिक प्रगति का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि 1970 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, उस समय भारत की आबादी करीब 50 करोड़ थी। आज देश की आबादी लगभग 140 करोड़ है और भारत एक बड़े उपभोक्ता बाजार के रूप में उभरा है।
140 करोड़ के घरेलू बाजार के भरोसे न रहें कारोबारी
पीएम मोदी ने उद्योग जगत को घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भारत में 140 करोड़ लोगों का बड़ा बाजार मौजूद है, लेकिन कंपनियों को केवल इसी बाजार के भरोसे अपना कारोबार नहीं चलाना चाहिए। भारतीय कंपनियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार कर वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होना होगा।
उन्होंने कारोबारियों से दूसरे देशों की जरूरतों और ग्राहकों की पसंद को समझने तथा उसी के अनुरूप उत्पाद तैयार करने की अपील की।
भारतीय ग्राहकों को भी मिले एक्सपोर्ट जैसी गुणवत्ता
प्रधानमंत्री ने भारतीय और विदेशी बाजारों के लिए उत्पादों की गुणवत्ता में अंतर रखने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियां विदेशों के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाती हैं, जबकि घरेलू बाजार में अपेक्षाकृत कम गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराती हैं।
इस सोच में बदलाव की जरूरत है। भारतीय उपभोक्ताओं को भी उसी गुणवत्ता के उत्पाद मिलने चाहिए, जो कंपनियां निर्यात के लिए तैयार करती हैं।
रिसर्च और इनोवेशन पर देना होगा जोर
पीएम मोदी ने कहा कि बदलते वैश्विक बाजार में टिके रहने के लिए कंपनियों को रिसर्च, इनोवेशन और नई तकनीक पर ध्यान देना होगा। ऐसे उत्पाद तैयार करने होंगे, जो ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप हों और इस्तेमाल में आसान भी हों।
उन्होंने कारोबारियों से उत्पादों की गुणवत्ता और तकनीकी क्षमता बढ़ाने के साथ वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए लगातार प्रयास करने को कहा।
कारोबारियों के सुझावों पर काम करेगी सरकार
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार रिफॉर्म एक्सप्रेस के माध्यम से लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने उद्योगपतियों और कारोबारियों से अपनी समस्याएं तथा सुधार से जुड़े सुझाव बिना किसी झिझक के सरकार के सामने रखने की अपील की।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार कारोबारियों के साथ खड़ी है और उनके सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधारों पर काम करने के लिए तैयार है।
विकसित भारत के लिए अगले 10 वर्षों का लक्ष्य तय करें
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य को केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश का संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि हमें 100 साल पूरे होने का इंतजार करने के बजाय यह सोचना चाहिए कि अगले 10 वर्षों में देश के विकास के लिए हम क्या योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने उद्योग जगत से रोजगार सृजन, नवाचार, निवेश और गुणवत्ता आधारित उत्पादन के माध्यम से भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में काम करने की अपील की।



