लॉस एंजिल्स स्थित घर पर दिवाली पार्टी की तस्वीरें कीं शेयर, गेंदे के फूलों और पारंपरिक सजावट से सजा घर; भारतीय परिधान में नजर आया पूरा परिवार
मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने विदेश में रहते हुए भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संजोकर रखा है। दिवाली के मौके पर उन्होंने अपने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस के साथ त्योहार मनाया। अभिनेत्री ने लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर दिवाली समारोह की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इन तस्वीरों में पूरा परिवार भारतीय परंपरा और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
पारंपरिक अंदाज में दिखीं प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका चोपड़ा ने दिवाली के मौके पर बरगंडी और सुनहरे रंग का खूबसूरत स्ट्रैपलेस गाउन पहना था। इस पर जरदोजी, मोतियों और सुनहरे धागों की बारीक कढ़ाई की गई थी। उन्होंने अपने लुक को कुंदन के मांग टीके, बड़े सुनहरे झुमकों और मैचिंग चूड़ियों के साथ पूरा किया। बालों में सफेद गजरा उनके पारंपरिक अंदाज को और खास बना रहा था।
वहीं, उनके पति निक जोनस क्रीम और सफेद रंग के कढ़ाईदार कुर्ते में नजर आए। बेटी मालती ने भी सफेद रंग का पारंपरिक लहंगा पहना था। परिवार की इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर दी दिवाली की शुभकामनाएं
प्रियंका ने तस्वीरों के साथ लिखा कि इस दिवाली के कैमरा रोल से कुछ पसंदीदा तस्वीरें साझा कर रही हैं। साथ ही उन्होंने सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। निक जोनस ने भी उनकी पोस्ट पर दीये और स्टार आईज वाले इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी।
बेटी मालती को भारतीय संस्कारों से जोड़ रहीं प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा भले ही लंबे समय से विदेश में रह रही हैं, लेकिन वह अपनी बेटी मालती को भारतीय संस्कृति और रीति-रिवाजों से जोड़कर रखना चाहती हैं। इससे पहले उन्होंने लॉस एंजिल्स में दशहरा समारोह की तस्वीरें भी साझा की थीं। उस दौरान पूजा, शिवलिंग अभिषेक, हवन और कन्या पूजन जैसे धार्मिक अनुष्ठान किए गए थे।
एक तस्वीर में निक जोनस बेटी मालती के पैर धोते हुए भी नजर आए थे। मालती ने इस मौके पर आइवरी रंग के कपड़े पहने थे और उनके कंधे पर ‘जय माता दी’ लिखा लाल दुपट्टा था।
करवा चौथ पर भी निक ने निभाया साथ
प्रियंका ने निक जोनस के साथ लॉस एंजिल्स में करवा चौथ भी मनाया था। अभिनेत्री ने बताया था कि निक ने अपने म्यूजिक टूर का कार्यक्रम इस तरह बनाया था कि वह करवा चौथ के दिन उनके साथ घर पर रह सकें। प्रियंका ने इसके लिए अपने पति का आभार जताते हुए सोशल मीडिया पर भावुक संदेश भी लिखा था।
फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी प्रियंका
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा जल्द ही निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।



