Ranchi Chhath Puja 2026: छठ व्रतियों के स्वागत को तैयार रांची के 72 घाट, 1200 सफाईकर्मियों ने संभाली कमान

Ranchi Chhath Ghat Preparation: राजधानी रांची में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव के नेतृत्व में 72 प्रमुख छठ घाटों की सफाई कराई गई है। इसके लिए 1200 से अधिक सफाईकर्मी लगाए गए

Ranchi Chhath Ghat Preparation: राजधानी रांची में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव के नेतृत्व में 72 प्रमुख छठ घाटों की सफाई कराई गई है। इसके लिए 1200 से अधिक सफाईकर्मी लगाए गए हैं। व्रतियों की सुविधा के लिए करीब 400 अस्थायी चेंजिंग रूम, रोशनी और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची के तालाब और छठ घाट व्रतियों के स्वागत के लिए तैयार हो रहे हैं। रांची नगर निगम ने शहर के प्रमुख जलाशयों और घाटों की साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा तक के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अगुवाई में पिछले कई दिनों से चल रहा विशेष अभियान अब अंतिम चरण में है।

नगर निगम की टीमों ने दिन-रात मेहनत कर छठ घाटों की तस्वीर बदलने का प्रयास किया है। अब निगम का फोकस छठ पूजा के दौरान सफाई, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था को बनाए रखने पर है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

72 छठ घाटों की सफाई के लिए 1200 से अधिक सफाईकर्मी तैनात

रांची नगर निगम ने शहर के 72 प्रमुख छठ घाटों को आठ जोन में बांटकर सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में 1200 से अधिक सफाईकर्मियों को लगाया गया। तालाबों के आसपास जमा कचरा हटाने, झाड़ियों की कटाई, सीढ़ियों की सफाई और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने का काम किया गया।

जलाशयों में जमा जलकुंभी और गाद हटाने के लिए मशीनों की भी मदद ली गई। धुर्वा डैम में जलकुंभी हटाने और नामकुम स्थित स्वर्णरेखा घाट पर गाद निकालने का काम कराया गया।

छठ व्रतियों के लिए 400 चेंजिंग रूम की व्यवस्था

छठ पूजा के दौरान महिलाओं और व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने विभिन्न घाटों पर करीब 400 अस्थायी चेंजिंग रूम तैयार कराए हैं। महिलाओं की निजता को ध्यान में रखते हुए इन्हें ढकने की व्यवस्था भी की गई है।

इसके अलावा घाटों और आसपास के रास्तों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, अतिरिक्त लाइट लगाने और पेड़ों की सूखी व झुकी डालियों की छंटाई भी कराई गई है।

गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, लगाए गए चेतावनी बोर्ड

छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। तालाबों के गहरे पानी वाले हिस्सों की पहचान कर बैरिकेडिंग की गई है। खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। वहीं, फिसलन वाले रास्तों को दुरुस्त करने पर भी ध्यान दिया गया है।

नगर निगम ने बड़ा तालाब, कडरू, एदलहातू, बड़गाईं और पीएचईडी तालाब सहित प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया है।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने खुद संभाली तैयारियों की निगरानी

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव लगातार विभिन्न घाटों का निरीक्षण करते रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सफाई, जलाशयों की स्वच्छता, संपर्क मार्गों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश दिए।

अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपकर तैयारियों की नियमित समीक्षा की गई। निगम की कोशिश है कि छठ से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिले।

छठ के दौरान सफाई और व्यवस्था बनाए रखना होगी चुनौती

घाटों की सफाई और सुविधाओं की तैयारी पूरी होने के बाद अब नगर निगम के सामने छठ पूजा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती होगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से घाटों पर भीड़ और कचरा बढ़ने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए निगम ने छठ पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।

किसी भी तरह की शिकायत या समस्या के लिए रांची नगर निगम का टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 जारी किया गया है।

नगर निगम का लक्ष्य है कि छठ महापर्व के दौरान राजधानी के सभी प्रमुख घाट स्वच्छ, रोशन और सुरक्षित रहें तथा व्रतियों को भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.