Ranchi Durga Puja 2026: रांची में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई दुर्गा पूजा, पंडालों में गूंजा नशामुक्त समाज का संदेश

Ranchi Durga Puja News: झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा का आयोजन भव्यता और आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था सामान्य रही। जिला प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के साथ सुरक्षा,

Ranchi Durga Puja News: झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा का आयोजन भव्यता और आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था सामान्य रही। जिला प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के साथ सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल और बिजली की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडालों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त समाज बनाने का संदेश भी दिया गया।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व में रही प्रशासनिक तैयारी

रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व में दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर कई दौर की बैठकें आयोजित की गई थीं। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देशन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। अधिकारियों ने पूजा पंडालों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की।

पूजा पंडालों में दिया गया नशामुक्ति का संदेश

इस बार दुर्गा पूजा के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से नशामुक्ति जागरूकता अभियान को विशेष महत्व दिया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रेरणा से चलाए गए अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों में नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के लाभों से संबंधित फ्लैक्स लगाए गए।

अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना था। पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़ के बीच इस पहल के जरिए युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

CCTV से निगरानी, महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती

दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। पुलिस बल के अलावा महिला पुलिसकर्मियों और सादे लिबास में जवानों की तैनाती की गई थी। विभिन्न क्षेत्रों में दंडाधिकारियों को भी प्रतिनियुक्त किया गया था।

सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर भी नजर रखी गई, ताकि किसी भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत, नियमित सफाई और पेयजल की उपलब्धता के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए।

विसर्जन घाटों पर तैनात रहे गोताखोर और NDRF की टीम

प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न घाटों और तालाबों पर स्थानीय गोताखोरों तथा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को तैनात किया गया था। पुलिसकर्मियों ने विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली, जिससे आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली।

नगर निगम, बिजली और पथ निर्माण विभाग ने संभाली व्यवस्था

दुर्गा पूजा के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों और जुलूस मार्गों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और यातायात पुलिसकर्मियों ने लगातार निगरानी की।

रांची नगर निगम ने पूजा पंडालों के आसपास सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता की जिम्मेदारी संभाली। बिजली विभाग ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी टीमों को तैनात रखा। वहीं, पथ निर्माण विभाग ने पूजा स्थलों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग किया।

शांति समितियों और सामाजिक संगठनों की रही अहम भूमिका

रांची में दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन में शांति समितियों, दुर्गा पूजा समितियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का योगदान महत्वपूर्ण रहा। शांति सेवा समिति हिंदपीढ़ी, युवा दस्ता, झारखंड तंजीम, सेंट्रल मुहर्रम कमेटी और सर्वधर्म सद्भावना समिति सहित कई संगठनों ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सहयोग किया।

इसके अलावा आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षदों ने भी स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाई।

उपायुक्त ने जताया सभी के प्रति आभार

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, दंडाधिकारियों, शांति समितियों, पूजा समितियों, सामाजिक संगठनों, नगर निगम, बिजली एवं पथ निर्माण विभाग के कर्मचारियों और आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से रांची जिले में दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.