छठ पूजा से पहले रांची के छह घाटों का महापौर रोशनी खलखो ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और सफाई के दिए निर्देश

Ranchi Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर रोशनी खलखो ने मंगलवार को शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त

Ranchi Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर रोशनी खलखो ने मंगलवार को शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम और विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया।

रांची। छठ महापर्व को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में अर्घ्य देने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को महापौर रोशनी खलखो ने निगम के अधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाटों पर चल रहे सफाई कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी जरूरी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

छह प्रमुख छठ घाटों का लिया जायजा

महापौर रोशनी खलखो ने बनस तालाब, नायक छठ तालाब, चंबोधा तालाब, स्वर्णरेखा छठ घाट, कमलू तालाब और पावर हाउस छठ तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और आवश्यक सुझाव भी सुने।

उन्होंने घाटों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग

छठ के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महापौर ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और घेराबंदी कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।

इसके अलावा घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त लाइट लगाने का भी निर्देश दिया गया, जिससे सुबह और शाम के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो।

व्रती महिलाओं के लिए बनेंगे चेंजिंग रूम

महापौर ने सभी छठ घाटों पर व्रती महिलाओं की सुविधा और निजता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। इसके लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम उपलब्ध कराने को कहा गया है।

उन्होंने घाटों और आसपास के इलाकों में छठ पूजा तक विशेष सफाई अभियान चलाने तथा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया।

छठ पूजा समितियों की समस्याओं का होगा समाधान

निरीक्षण के दौरान महापौर ने निगम के अधिकारियों को छठ पूजा समितियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि समितियों की ओर से मिलने वाली शिकायतों और सुझावों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि छठ झारखंड सहित पूरे देश में आस्था का महत्वपूर्ण महापर्व है। रांची नगर निगम की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित छठ घाट उपलब्ध कराए जाएं, ताकि व्रती बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।

निरीक्षण में ये रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान वार्ड 13 के पार्षद पवन तिर्की, वार्ड 14 की पार्षद अंजू देवी, वार्ड 46 की पार्षद आरती कुमारी, नगर निगम के अधिकारी और विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.