400 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, योग जीनियस ने जीता ओवरऑल टीम चैंपियनशिप का खिताब
रांची में दो दिवसीय सत्यानंद ओपन योग चैंपियनशिप संपन्न हुई। 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रियांशु और दीप्तांशु चैंपियन ऑफ चैंपियंस बने, जबकि योग जीनियस ने ओवरऑल टीम खिताब जीता।
रांची, 24 अगस्त। बिशप स्कूल, बहुबाजार के सभागार में सत्यानंद योगा एसोसिएशन एवं श्री अरविंदो आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय सत्यानंद ओपन योग चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न स्थानों से अलग-अलग आयु वर्ग के 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
दो दिवसीय आयोजन के दौरान योग प्रतियोगिता के साथ पेंटिंग, निबंध, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आसनों और प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रियांशु और दीप्तांशु बने चैंपियन ऑफ चैंपियंस
योग प्रतियोगिता में रांची की योग जीनियस की प्रियांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग में चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब अपने नाम किया। वहीं जमशेदपुर के दीप्तांशु ने बालक वर्ग में चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब हासिल किया।
टीम प्रदर्शन में योग जीनियस ने ओवरऑल टीम चैंपियनशिप का खिताब जीता, जबकि संत माइकल स्कूल उपविजेता रहा।
विभिन्न गतिविधियों ने बढ़ाई आयोजन की रौनक
योग प्रतियोगिता के अलावा आयोजित पेंटिंग, निबंध और रंगोली प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। झारखंड के निर्णायकों और योग प्रशिक्षकों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया।
खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस जटाशंकर चौधरी सहित रामस्वरूप रुंगटा, श्री अरविंद सोसाइटी के सचिव रमेश भाई, अशोक पाठक, नीरज बुघिया, हिमांशु विश्वास, अंजली वर्मा, डॉ. पीके मित्रा, सुशांत भट्ट, आदित्य कुमार सिंह, संजय कुमार झा और डॉ. रूपम सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
संस्था के निदेशक आदित्य कुमार सिंह और सचिव डॉ. रूपम कुमारी ने आयोजन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक, योग प्रेमी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अमरेंद्र कुमार विकल, सुशीत बनर्जी, अन्नु झा, वंदना कुमारी, सीमा राय, निक्की रानी, सलोनी कुमारी, विवेक कुमार, रोहित सिंह, सुनील कुमार, निक्की कुमारी, अनुपम कुमारी, अभिषेक कुमार और कुमार सुजीत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


