रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले को लेकर रांची पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। मैच के दौरान शहर में जाम और यातायात संबंधी परेशानी से बचने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन, डायवर्जन और पार्किंग को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा शालीमार चौक से नॉर्थ गेट स्टेडियम तक सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि आपात स्थिति में एंबुलेंस और चिकित्सा सेवा से जुड़े वाहनों को आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित
सुगाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकॉन चौक, एजी मोड़, पीएसओ मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिंदू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों के परिचालन पर सुबह 6 बजे से मैच समाप्ति तक रोक रहेगी।
पुलिस के अनुसार यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी वाहनों को डायवर्ट या रोका जा सकता है।
टिकट के गेट के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था
क्रिकेट दर्शकों के लिए टिकट पर दिए गए गेट के आधार पर अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
साउथ गेट और साउथ-ईस्ट गेट के टिकटधारी धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान की पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल स्टेडियम जा सकेंगे। पार्किंग भरने की स्थिति में डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थॉमस स्कूल परिसर में पार्किंग का विकल्प रहेगा।
वेस्ट गेट के टिकटधारी धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड या सैटेलाइट कैंप मोड़ होते हुए सुखुआ मैदान में वाहन पार्क कर स्टेडियम पहुंच सकेंगे। प्रभात तारा मैदान भरने पर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
नए सराय रिंग रोड से आने वालों के लिए अलग व्यवस्था
नया सराय रिंग रोड की ओर से आने वाले दर्शक हाईकोर्ट के सामने स्थित हेलीपैड मैदान में वाहन पार्क कर सकते हैं। वहां से पैदल तिरिल मोड़ और जेएससीए नॉर्थ गेट के रास्ते स्टेडियम पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
वहीं वीआईपी और वीवीआईपी पासधारकों के वाहनों के लिए शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए नॉर्थ गेट के पास निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे अपने टिकट पर निर्धारित गेट और पार्किंग व्यवस्था के अनुसार ही स्टेडियम की ओर जाएं, ताकि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।


