रांची: रोटरी क्लब रांची की ओर से दिवाली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। समारोह में क्लब के सदस्यों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गीत-संगीत, नृत्य, मनोरंजक खेल, हौजी-तंबोला और लजीज व्यंजनों के बीच सभी ने दीपावली की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने खूब मस्ती की। वहीं, बड़ों के मनोरंजन के लिए भी कई आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं। तंबोला, लकी ड्रॉ और बंपर हौजी समारोह के मुख्य आकर्षण रहे। पूर्व रोटरी गवर्नर अजय छाबड़ा के संचालन में बंपर हौजी तंबोला ड्रॉ आयोजित किया गया, जिसमें सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह स्थल पर बनाई गई आकर्षक रंगोली और प्रियंका माहेश्वरी की शानदार सजावट ने उत्सव के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। वहीं, गजल गायिका मृणालिनी अखोरी और उनकी टीम की संगीतमय प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी सुरीली गजलों ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
स्मोक फ्री और सुरक्षित दिवाली मनाने का संदेश
समारोह के दौरान क्लब की ओर से सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया गया। सदस्यों ने लोगों से स्मोक फ्री दिवाली मनाने और आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा के नियमों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि दीपावली रोशनी और खुशियों का पर्व है। यह त्योहार हमें समाजसेवा के अपने सफर को निरंतर आगे बढ़ाने और जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।
वहीं, प्रोजेक्ट चेयरमैन गौरव बागरॉय ने कहा कि दीपावली खुशियों के साथ स्वच्छता का भी संदेश देती है। स्वच्छता को केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द का माहौल बना रहा।



