पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को दानापुर के रामजीचक स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में बच्चों और अभिभावकों से संवाद किया। मुख्यमंत्री यहां आयोजित पैरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) और पेंटिंग प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, मोबाइल फोन के इस्तेमाल और रोजमर्रा की गतिविधियों को लेकर बातचीत की।
बच्चों से बोले- मोबाइल से बनानी होगी दूरी
मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और मोबाइल का इस्तेमाल कम करने की बात कही। Gen Alpha के बच्चों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी रुचियों और पढ़ाई से जुड़े सवाल भी पूछे।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इसी दौरान उन्होंने बच्चों के साथ पेंटिंग भी की।
लड़कियों से 90 फीसदी अंक लाने को कहा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं से पढ़ाई को लेकर बातचीत की। उन्होंने लड़कियों से कहा कि अगर वे पढ़ाई के साथ आगे बढ़ना चाहती हैं और घर से बाहर निकलकर अपनी पसंद के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं तो उन्हें अच्छे अंक लाने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने छात्राओं से 90 प्रतिशत अंक हासिल करने की बात कही और पढ़ाई को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
पेरेंट्स से भी की बातचीत
PTM के दौरान मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी संवाद किया। बच्चों की शिक्षा, उनकी दिनचर्या और पढ़ाई के माहौल को लेकर अभिभावकों से बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने बच्चों के भविष्य के लिए माता-पिता और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पेंटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों की रचनात्मकता को देखा और उनके साथ पेंटिंग गतिविधि में भी शामिल हुए.



