सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ बाजार में आई, 544 पन्नों में समेटी जिंदगी की कहानी; राजीव से प्रेम, भारतीय नागरिकता और PM पद ठुकराने का किया खुलासा

नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की बिक्री शुरू हो गई है। बिना किसी औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम के यह किताब सीधे बाजार में उपलब्ध कराई गई है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में

नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की बिक्री शुरू हो गई है। बिना किसी औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम के यह किताब सीधे बाजार में उपलब्ध कराई गई है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में 544 पृष्ठ और सात अध्याय हैं। इसके पहले संस्करण की एक लाख प्रतियां प्रकाशित की गई हैं।

यह किताब सोनिया गांधी के निजी जीवन, प्रेम, परिवार, भारत आने के अनुभव और राजनीतिक सफर की कहानी बयां करती है। सोनिया गांधी ने इसे राजनीतिक पुस्तक के बजाय अपना निजी संस्मरण बताया है। इसमें उन्होंने राजीव गांधी से पहली मुलाकात और प्रेम संबंध से लेकर भारतीय नागरिकता अपनाने तथा वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले तक के कई अनकहे पहलुओं को साझा किया है।

किताब के कवर पर लगी तस्वीर वर्ष 1966 की है, जिसे राजीव गांधी ने खुद खींचा था। पुस्तक के शुरुआती पन्ने पर इसे उनके बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी और पोते-पोतियों रेहान व मिराया को समर्पित किया गया है। इसके बाद ऋग्वेद की एक ऋचा दी गई है, जिसमें एकता, सामंजस्य और मिलकर आगे बढ़ने का संदेश है।

कैम्ब्रिज में हुई थी राजीव गांधी से पहली मुलाकात

सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि 19 वर्ष की उम्र में वह अंग्रेजी सीखने के लिए इटली से कैम्ब्रिज पहुंची थीं। इसी दौरान एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी नजर राजीव गांधी पर पड़ी। जनवरी के एक दिन उनके दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज ने दोनों का परिचय कराया।

सोनिया के मुताबिक, पहली मुलाकात के बाद ही दोनों एक-दूसरे के करीब आने लगे थे। राजीव गांधी उस समय कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। धीरे-धीरे मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और साथ घूमना, पार्टियों में जाना तथा छुट्टियां बिताना उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया।

सोनिया ने वैलेंटाइन डे से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग भी साझा किया है। उन्होंने लिखा कि राजीव पहली बार उन्हें वैलेंटाइन डे की पार्टी में ले जाने पहुंचे थे। उन्हें देखकर राजीव कुछ पल के लिए ठिठक गए थे। दोनों को महसूस होने लगा था कि वे पूरी जिंदगी एक-दूसरे के साथ बिताना चाहते हैं।

पिता के गुस्से के डर से छिपाया था रिश्ता

सोनिया ने बताया कि वह शुरुआत में राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते की जानकारी परिवार को देने से डरती थीं। उनके पिता स्टेफानो मैनो काफी सख्त स्वभाव के थे। उन्हें आशंका थी कि यदि पिता को इस रिश्ते के बारे में पता चला तो वे उन्हें तुरंत इटली वापस बुला लेंगे।

किताब में उन्होंने अपने पिता के व्यक्तित्व से जुड़ा एक भावुक किस्सा भी बताया है। दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान उनके पिता इटली की सेना की ओर से रूस के मोर्चे पर लड़े थे। वहां उन्होंने एक गरीब परिवार के बच्चों की मदद की थी। उस परिवार की दो बच्चियों के नाम अनूश्का और सोनिया थे। इसी से प्रभावित होकर उन्होंने अपनी बेटियों के नाम भी उन्हीं बच्चियों के नाम पर रखे थे।

इटली की नागरिकता छोड़ते समय भावुक हो गई थीं सोनिया

सोनिया गांधी ने अपनी भारतीय नागरिकता अपनाने के अनुभव को भी विस्तार से लिखा है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक उन्होंने अपना इटली का पासपोर्ट संभालकर रखा था, क्योंकि वह उनकी पुरानी पहचान और अपने देश से जुड़ाव का प्रतीक था।

हालांकि, राजीव गांधी के सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्हें भारतीय नागरिकता लेना उचित लगा। तब तक भारत ही उनका घर बन चुका था। उनका परिवार, दोस्त और जीवन की अधिकांश गतिविधियां भारत से जुड़ चुकी थीं।

नागरिकता छोड़ने की प्रक्रिया इटली के राजदूत के आवास पर पूरी हुई थी। इस दौरान एक अधिकारी ने उन्हें दस्तावेज पढ़कर सुनाए और बताया कि फैसला अंतिम होगा। सोनिया ने लिखा कि दस्तावेज पढ़ते समय उनकी धड़कन तेज हो गई थी और चेहरा गर्म हो गया था। उन्हें महसूस हुआ कि उनकी पहचान का एक हिस्सा हमेशा के लिए उनसे अलग हो रहा है। रिकॉर्ड के अनुसार, उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता ग्रहण की थी।

2004 में ही तय कर लिया था, प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी

किताब का सबसे अहम राजनीतिक खुलासा वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले से जुड़ा है। सोनिया गांधी ने लिखा है कि उन्होंने चुनाव परिणाम आने से पहले ही तय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी।

उनके मुताबिक, राहुल और प्रियंका गांधी भी उन्हें इस पद पर नहीं देखना चाहते थे। दोनों के मन में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या की यादें थीं। उन्हें आशंका थी कि प्रधानमंत्री बनने से सोनिया गांधी की सुरक्षा को खतरा बढ़ सकता है।

सोनिया ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने इस फैसले को सार्वजनिक नहीं किया, ताकि पार्टी और गठबंधन में नेतृत्व को लेकर किसी तरह की खींचतान न हो। चुनाव में जीत के बाद गठबंधन के नेताओं ने उनसे अपना फैसला बदलने का आग्रह किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम रहीं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रियंका गांधी उस समय खिड़की के बाहर खड़ी होकर यह पूरा घटनाक्रम देख रही थीं।

क्लिंटन, डायना और सरकोजी से जुड़े किस्से भी शामिल

सोनिया गांधी ने पुस्तक में कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों से मुलाकात के अनुभव भी साझा किए हैं।

बिल क्लिंटन: वर्ष 2000 में भारत दौरे पर आए अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के सम्मान में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने रिसेप्शन दिया था। सोनिया ने लिखा कि इस कार्यक्रम में क्लिंटन बार-बार वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को चोरी-छिपे देख रहे थे। उन्होंने क्लिंटन के कश्मीर को दुनिया के सबसे खतरनाक स्थानों में से एक मानने का भी जिक्र किया है।

निकोलस सरकोजी: फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग भी किताब में है। वर्ष 2008 में भारत यात्रा के दौरान वह अपनी तत्कालीन पार्टनर कार्ला ब्रूनी के बिना आए थे। डिनर के दौरान उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी की पत्नी ने उनसे शादी की योजना को लेकर मजाकिया सवाल किया। सोनिया के मुताबिक, सरकोजी ने बेझिझक अपनी निजी जिंदगी के बारे में बातें कीं और फोन पर कार्ला को संदेश भी भेजते रहे।

प्रिंसेस डायना: सोनिया ने ब्रिटेन की प्रिंसेस डायना से जुड़ी यादें भी साझा की हैं। वर्ष 1981 में राजीव गांधी के साथ उनकी शादी में शामिल होने के दौरान डायना बेहद खूबसूरत दुल्हन लग रही थीं, लेकिन उनके चेहरे पर परेशानी साफ दिखाई दे रही थी। वर्ष 1992 में भारत यात्रा के दौरान ताजमहल के सामने तस्वीर खिंचवाने के समय भी सोनिया की उनसे मुलाकात हुई थी।

भारत में पांच दशक से अधिक के सफर को किया याद

सोनिया गांधी ने किताब को उस जगह की कहानी बताया है, जिसे उन्होंने अपना घर माना। उनके अनुसार, उन्होंने अपने परिवार के उन लोगों को ईमानदारी से सामने रखने की कोशिश की है, जिन्हें उन्होंने जाना और प्यार किया।

उन्होंने लिखा है कि जीवन का बड़ा हिस्सा उन्होंने अपनी निजी दुनिया तक ही सीमित रखा। पारिवारिक दुख और त्रासदियों ने उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को सुरक्षित रखने की कोशिश की।

सोनिया के मुताबिक, भारत में पांच दशक से अधिक समय बिताने के दौरान उन्होंने देश को बदलते हुए देखा है। शुरुआत में उन्होंने इस बदलाव को दूर से देखा और बाद में वह खुद देश के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के केंद्र में आ गईं।

‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के जरिए सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, रिश्तों, पारिवारिक संघर्षों और राजनीतिक सफर के ऐसे कई पहलुओं को सामने रखा है, जिनके बारे में अब तक सार्वजनिक रूप से बहुत कम जानकारी उपलब्ध थी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.