विश्व बाल दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन से मिले यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकार, बाल विवाह और बाल श्रम पर की चर्चा

मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बच्चों से हुआ सीधा संवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी रखे विचार रांची, 20 नवंबर। विश्व बाल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके

मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बच्चों से हुआ सीधा संवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी रखे विचार

रांची, 20 नवंबर। विश्व बाल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित इस संवाद के दौरान बच्चों ने बाल अधिकारों, अपने सपनों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ खुलकर बातचीत की।

बाल पत्रकारों ने बताया कि वे अपने स्कूल और समुदाय में बाल विवाह तथा बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी भी दी।

इस दौरान माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बच्चों में गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी अपने अनुभव साझा किए।

बच्चों की बात सुनी जानी चाहिए : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाल पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्याओं का समाधान सुझाता है, तो उसकी बात सुनी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसा वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हर बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिले।

शिक्षा और खेल को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के मुद्दे की समीक्षा कर समाधान निकाला जाएगा। खेल में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के साथ पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिला स्तर पर पुस्तकालयों का निर्माण भी कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बाल विवाह को कानूनी अपराध बताते हुए कहा कि यह प्रकृति के विरुद्ध भी है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन रहकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश भी दिया गया है।

बाल पत्रकारों के आत्मविश्वास से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि जिस स्पष्टता से बच्चे आज अपने अधिकारों की बात रख रहे हैं, उससे उनके भविष्य के नेतृत्व की संभावनाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बाल पत्रकारों को इस भागीदारी का जीवंत उदाहरण बताया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.