रांची विश्वविद्यालय महिला हॉकी प्रतियोगिता में सिमडेगा कॉलेज चैंपियन, बिरसा कॉलेज खूँटी को 3-1 से हराया

सिमडेगा, 9 अक्टूबर 2026। रांची विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय महिला हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 में सिमडेगा कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में खेले गए फाइनल मुकाबले में सिमडेगा कॉलेज ने बिरसा कॉलेज, खूँटी को 3-1 से पराजित

सिमडेगा, 9 अक्टूबर 2026। रांची विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय महिला हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 में सिमडेगा कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में खेले गए फाइनल मुकाबले में सिमडेगा कॉलेज ने बिरसा कॉलेज, खूँटी को 3-1 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। बिरसा कॉलेज, खूँटी को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। सिमडेगा कॉलेज की एस्थेर होरो को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।

प्रतियोगिता का आयोजन रांची विश्वविद्यालय के तत्वावधान में सिमडेगा कॉलेज की ओर से किया गया। इसमें महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

एस्थेर होरो के दो गोल से सिमडेगा की जीत

फाइनल मुकाबले में बिरसा कॉलेज, खूँटी ने शुरुआत में बढ़त बना ली। टीम की पूनम मुंडू ने मैच के तीसरे मिनट में गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद सिमडेगा कॉलेज ने जोरदार वापसी की।

सिमडेगा कॉलेज की सीता कुमारी ने 14वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद एस्थेर होरो ने 29वें और 32वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत सिमडेगा कॉलेज ने 3-1 से मुकाबला जीत लिया और चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की।

मनोज कोनबेगी और प्राचार्य देवराज प्रसाद ने किया उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी और सिमडेगा कॉलेज के प्राचार्य देवराज प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर प्राचार्य देवराज प्रसाद ने कहा कि मनोज कोनबेगी ने अपना जीवन खेल को समर्पित किया है। उनके प्रयासों और प्रेरणा से सिमडेगा के कई खिलाड़ी भारतीय टीम तक पहुंचे हैं और सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने सिमडेगा में खेलों के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

प्राचार्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिमडेगा हॉकी की नर्सरी है। यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल में जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन खेल भावना का महत्व उससे भी अधिक है।

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने महिला खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने सिमडेगा में हॉकी के उज्ज्वल भविष्य पर भी विश्वास जताया।

महिला हॉकी को नई दिशा देंगे ऐसे आयोजन

आयोजन सचिव एवं खेल पदाधिकारी प्रो. संजय कुमार ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय की ओर से सिमडेगा कॉलेज को प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना गर्व की बात है। उन्होंने सभी टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से सिमडेगा की महिला हॉकी को नई दिशा मिलेगी और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा।

विजेता और उपविजेता टीम को किया सम्मानित

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी और विशिष्ट अतिथि रांची विश्वविद्यालय के खेल निदेशक प्रो. अनिल वीरेंद्र कुल्लू उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने विजेता सिमडेगा कॉलेज और उपविजेता बिरसा कॉलेज, खूँटी की टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारियों के रूप में पंकरासीएस टोप्पो, बसंत बा, सुजीत एक्का, कुनुल भेंगरा, रोहित बेसरा, समीर डूंगडूंग और तालिन तिग्गा ने जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के तकनीकी सहायक धीरज भी मौजूद रहे।

सिमडेगा कॉलेज की ओर से डॉ. तिरियो एक्का, डॉ. ब्रजेश प्रियदर्शी, प्रो. विद्या शंकर कुमार, डॉ. अतेन्द्र कुमार, प्रो. अनूप टोप्पो, प्रो. बिशेश्वर मुंडा, प्रो. ऑलिव डूंगडूंग, प्रो. संज्योति लकड़ा, प्रो. उर्मिला देवी, प्रो. प्रदीप लोहरा, डॉ. सचिन साहू और डॉ. स्मिता राम सहित महाविद्यालय के कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. जितेश पासवान ने किया। अंत में डॉ. तिरियो एक्का ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.