झारखंड के संवेदनशील छठ घाटों पर एनडीआरएफ, गोताखोर और प्रशिक्षित तैराकों की होगी तैनाती; मेडिकल टीम, एंबुलेंस, बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश
रांची, 12 नवंबर। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर झारखंड सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी उपायुक्तों (डीसी) और सिविल सर्जनों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि छठ घाटों पर सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने जिलों के तालाबों, नदियों, डैम और छठ घाटों का निरीक्षण कर संवेदनशील स्थानों पर विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती
मंत्री के निर्देश के अनुसार, जिन छठ घाटों पर पानी की गहराई अधिक है या डूबने की आशंका बनी रहती है, वहां जरूरत के मुताबिक एनडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोर और प्रशिक्षित तैराक तैनात किए जाएंगे। प्रमुख और संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा और खतरे से संबंधित चेतावनी संकेत लगाने को कहा गया है।
भीड़भाड़ वाले घाटों पर पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए रेस्क्यू टीमों को तैयार और अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है।
जामताड़ा के छठ घाटों का मंत्री ने किया निरीक्षण
डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को जामताड़ा जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छठ पूजा शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सिविल सर्जनों को निर्देश
छठ के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के लिए मंत्री ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को विशेष निर्देश दिए हैं। आवश्यकतानुसार चिकित्सकों की छुट्टियों की समीक्षा कर उनकी ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा गया है। पहले से अवकाश पर चल रहे डॉक्टरों के स्थान पर वैकल्पिक चिकित्सकों की व्यवस्था करते हुए ड्यूटी रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
सभी जिलों में पर्याप्त मेडिकल टीम, जरूरी दवाइयां, प्राथमिक उपचार की सुविधा और एंबुलेंस उपलब्ध रखने को कहा गया है। किसी घटना की सूचना मिलने पर मेडिकल टीम को बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना होगा।
‘श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी’
मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ संस्कृति, सामाजिक एकता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य को समान श्रद्धा के साथ अर्घ्य दिया जाता है।
उन्होंने कहा, “छठ मैया के प्रति मेरी गहरी आस्था है। मेरी हार्दिक इच्छा है कि झारखंड का प्रत्येक श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यह महापर्व मनाए तथा पूजा-अर्चना के बाद सुरक्षित अपने घर लौटे। श्रद्धालुओं की जान की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।”
सरकारी फाइलों में नहीं, घाटों पर दिखनी चाहिए व्यवस्था
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ की तैयारियां केवल सरकारी फाइलों और बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हर घाट पर व्यवस्था जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। उपायुक्त, सिविल सर्जन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।



