रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि आज का दौर तेजी से बदलती तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का है। ऐसे में युवाओं को केवल डिग्री के भरोसे नहीं रहना चाहिए, बल्कि समय के साथ अपने हुनर और कौशल को भी विकसित करना होगा। सरकार युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “आप एक कदम चलेंगे तो हम 10 कदम आपको आगे लेकर चलेंगे।”
मुख्यमंत्री सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दुनिया में काम करने का तरीका, तकनीक और रोजगार के पारंपरिक स्वरूप तेजी से बदल रहे हैं। जो व्यक्ति, संस्थान या उद्योग समय के अनुसार खुद को नहीं बदलेगा, उसके लिए आगे बढ़ना मुश्किल होगा। आने वाला समय AI और स्किल डेवलपमेंट का है। इसलिए युवाओं को नई तकनीकों के प्रति जागरूक रहते हुए लगातार अपनी क्षमता बढ़ानी होगी।
केवल डिग्री नहीं, हुनर से बनेगा भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के युवा आज राज्य ही नहीं, बल्कि देश और विदेश की बड़ी कंपनियों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। जरूरत है कि बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल भी दिया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि केवल किताबी ज्ञान से अब रोजगार की गारंटी नहीं मिल सकती। बदलते दौर में हुनर ही सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कैंपस प्लेसमेंट के पुराने दौर और वर्तमान रोजगार व्यवस्था की तुलना करते हुए कहा कि पहले सामान्य इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को भी आसानी से नौकरी मिल जाती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। AI और नई तकनीक के कारण वैश्विक स्तर पर रोजगार के स्वरूप में बदलाव आ रहा है।
विदेशों में भी तकनीकी बदलाव से प्रभावित हो रही नौकरियां
मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां पिछले दो-तीन महीनों में करीब 400 कर्मचारियों की छंटनी हुई। इनमें ऐसे कर्मचारी भी शामिल थे, जिन्होंने 15 से 18 वर्षों तक कंपनी में काम किया था। इसकी एक वजह बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को अपडेट नहीं कर पाना रही। उन्होंने कहा कि अनुभव के साथ नई तकनीक सीखना और कौशल का लगातार विकास करना आज बेहद जरूरी है।
एचईसी का उदाहरण देकर समझाया बदलाव का महत्व
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित भारी इंजीनियरिंग निगम (एचईसी) का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी यह संस्थान देश के औद्योगिक विकास की मजबूत आधारशिला था। आज इसकी स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि समय के साथ खुद को नहीं बदलने की कीमत संस्थानों को भी चुकानी पड़ती है। यह उदाहरण हर व्यक्ति और उद्योग के लिए सीख है कि बदलाव को स्वीकार करना और नई तकनीक अपनाना जरूरी है।
हुनर होगा तो रोजगार के अवसर कभी खत्म नहीं होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसके हाथ में हुनर है, वह कभी भूखा नहीं रहेगा और अपने परिवार का भरण-पोषण भी कर सकेगा। उन्होंने बताया कि सरकार के पिछले कार्यकाल में एक लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम किया गया है। युवाओं को पारंपरिक सोच से बाहर निकलकर हर क्षेत्र में अवसर तलाशने चाहिए।
उन्होंने कहा कि नर्सिंग जैसे क्षेत्र में पुरुषों की भी जरूरत है और टेक्सटाइल सेक्टर में लड़के भी आगे आ सकते हैं। काम को लेकर किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। महिलाओं को भी रोजगार के समान अवसर देने के उद्देश्य से राज्य में लड़कियों के नाइट शिफ्ट और ओवरटाइम में काम करने के लिए आवश्यक शर्तों के साथ नियम बनाए गए हैं, ताकि उन्हें सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराया जा सके।
180 स्कूलों को सीएम उत्कृष्ट विद्यालय बनाने की पहल
शिक्षा व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में राज्य के 80 स्कूलों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है। इसके अलावा 100 अन्य स्कूलों को अपग्रेड करने का काम जारी है। सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक बदलाव है कि निजी स्कूलों से पढ़ने वाले बच्चे भी अब सीएम उत्कृष्ट विद्यालयों में दाखिला ले रहे हैं। इससे सरकारी शिक्षा व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है।
कल्याण विभाग के हॉस्टलों में विद्यार्थियों को मिलेगा मुफ्त भोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि कल्याण विभाग की ओर से संचालित आवासीय छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को अब मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन और बेहतर सुविधाएं देना है, ताकि वे आर्थिक और बुनियादी परेशानियों से मुक्त होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
15 युवाओं को सरकार कराएगी पायलट ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री ने पायलट प्रशिक्षण के नाम पर पहले हुए कथित धोखे का जिक्र करते हुए बताया कि करीब 10 वर्ष पहले एक कंपनी के साथ 50 से 70 बच्चों को पायलट ट्रेनिंग देने का करार हुआ था, लेकिन बाद में कंपनी फर्जी निकली और सरकारी राशि भी डूब गई।
उन्होंने कहा कि अब सरकार ने इस दिशा में ठोस पहल की है। दुमका में पायलट ट्रेनिंग दी जा रही है और राज्य सरकार की ओर से चयनित 15 युवाओं के प्रशिक्षण का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। आने वाले समय में एयरहोस्टेस ट्रेनिंग शुरू करने की भी योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के कई आदिवासी युवा भी पायलट बन चुके हैं। सरकार चाहती है कि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को विमानन क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले।
खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने खनन क्षेत्रों की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि कई इलाकों में दशकों से खनन कार्य चल रहा है। ऐसे क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना जरूरी है। उन्होंने प्रेझा फाउंडेशन को ऐसा कौशल प्रशिक्षण मॉडल तैयार करने का निर्देश दिया, जिससे स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर कंपनियों में रोजगार से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कोविड-19 महामारी के आर्थिक प्रभावों का भी उल्लेख किया और कहा कि अर्थव्यवस्था पर इसका असर लंबे समय तक रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बदलते समय के अनुरूप खुद को तैयार करने, नई तकनीक सीखने और अपने कौशल को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवा आगे बढ़ने के लिए एक कदम उठाएंगे तो राज्य सरकार उन्हें आगे ले जाने के लिए दस कदम बढ़ाएगी।



