नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में सोमवार को कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया। वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के साथ संबंधों को हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों का इतिहास, संस्कृति, परंपरा और आस्था सदियों से एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने भगवान राम और माता सीता का उल्लेख करते हुए कहा, “नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।” मोदी ने वर्ष 2018 की अपनी जनकपुर यात्रा को भी याद किया।
भारत-नेपाल के बीच 8 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत और नेपाल के बीच आठ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें फॉरेंसिक विज्ञान, पुलिस प्रशिक्षण, प्रशासनिक अधिकारियों के प्रशिक्षण, आयुर्वेद एवं पारंपरिक चिकित्सा, सैटेलाइट संचार, शहरी विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और पशुपालन एवं मत्स्य पालन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संस्थागत सहयोग बढ़ाना, तकनीकी विशेषज्ञता साझा करना और विकास की नई संभावनाएं तैयार करना है।
कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक नेपाल को मिलेगी पहुंच
भारत ने नेपाल के व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे नेपाल को अंतरराष्ट्रीय व्यापार में सुविधा मिलेगी और दूसरे देशों के साथ आयात-निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
भारत का मानना है कि बेहतर व्यापारिक संपर्क और निवेश से नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और आर्थिक सहयोग को भी आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत
भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह ने ट्रेन को रवाना किया।
यह रेल सेवा भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुरधाम को सीधे जोड़ेगी। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा में सुविधा मिलेगी। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई स्टेशनों से गुजरने वाली इस ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे अयोध्या और मिथिला के बीच सदियों पुराना सांस्कृतिक रिश्ता और मजबूत होगा।
200 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर होगा खत्म
भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत देते हुए काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने दिल्ली से बटन दबाकर इसका उद्घाटन किया।
यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को आवाजाही में सुविधा होगी और करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस पुल से दोनों देशों के बीच व्यापार और संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा बनबसा में एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला भी रखी गई। भारत और नेपाल के बीच सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
बालेन शाह बोले- हिमालय की तरह मजबूत हैं रिश्ते
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के साथ संबंधों को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के नागरिकों के बीच ऐतिहासिक और सामाजिक जुड़ाव है। दोनों देशों को इस रिश्ते को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
राजघाट पहुंचे बालेन शाह, गांधीजी को दी श्रद्धांजलि
भारत दौरे के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधीजी के विचारों और जीवन दर्शन की सराहना भी की।
दोनों प्रधानमंत्रियों की बैठक में भारतीय पक्ष से विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नेपाली प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
भारत और नेपाल के बीच हुई इस उच्चस्तरीय वार्ता को क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार, धार्मिक पर्यटन और आर्थिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों ने आपसी विश्वास और साझा विरासत के आधार पर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने का संकल्प जताया।



