रांची के बिशप स्कूल में दो दिवसीय सत्यानंद ओपन योग चैंपियनशिप शुरू हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के 400 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं…
रांची में सत्यानंद ओपन योग चैंपियनशिप शुरू, 400 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
रांची। बिशप स्कूल, रांची में शनिवार से दो दिवसीय सत्यानंद ओपन योग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन सत्यानंद योग एसोसिएशन एवं श्री अरविंदो आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। चैंपियनशिप में झारखंड के विभिन्न स्थानों से अलग-अलग आयु वर्ग के 400 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन अभियान स्वास्थ्य निदेशक झारखंड शशि प्रकाश झा, श्री अरविंदो सोसायटी हेसल शाखा के सचिव रमेश भाई, राम स्वरूप रुंगटा, डॉ. रुपम कुमारी, संजय कुमार झा, पंकज प्रसाद, आदित्य कुमार सिंह, आनंद सिंह और ओपी शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया
उद्घाटन समारोह में शशि प्रकाश झा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राचीन काल में ऋषि-मुनि योग के महत्व को समझते थे। उन्होंने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली में योग स्वस्थ रहने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि योग का अर्थ केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि जुड़ाव और संतुलन भी है। योग को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।

नन्हे बच्चों ने योग प्रदर्शन से मोहा मन
उद्घाटन समारोह के दौरान संस्था के छोटे-छोटे बच्चों ने विभिन्न योगासन का प्रदर्शन किया। बच्चों के प्रदर्शन ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता के पहले दिन सीनियर वर्ग की योग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दूसरे दिन प्रतियोगिता सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
योग के साथ पेंटिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
दो दिवसीय योग चैंपियनशिप के साथ पेंटिंग, निबंध लेखन, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को सफल बनाने में झारखंड के निर्णायकों और योग प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक सलोनी कुमारी सम्मानित
उद्घाटन समारोह के दौरान रांची की अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक सलोनी कुमारी को अर्जुन समिति की ओर से सम्मानित किया गया। सलोनी कुमारी वर्तमान में कुवैत में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम से पहले संस्था के निदेशक आदित्य कुमार सिंह एवं सचिव डॉ. रूपम कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया। मौके पर अमरेंद्र कुमार विकल, सुशीत बनर्जी, निक्की रानी, अन्नु झा, सीमा राय, कुमार सुजीत, सुनील कुमार, रवि रंजन, विवेक कुमार, निक्की कुमारी, अनुपम कुमारी, अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।



