छठ महापर्व 2026: दुर्लभ ग्रह-नक्षत्रों के संयोग में होगी सूर्योपासना, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य

13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य रांची: लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ इस वर्ष दुर्लभ ग्रह-नक्षत्रों के शुभ संयोग में मनाया जाएगा। चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत 13

13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

रांची: लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ इस वर्ष दुर्लभ ग्रह-नक्षत्रों के शुभ संयोग में मनाया जाएगा। चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। वहीं, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस बार छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार और षष्ठी तिथि का विशेष संयोग बन रहा है, जिसे धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना जा रहा है।

ज्योतिषाचार्य आचार्य मनोज कुमार पाण्डेय के अनुसार, रविवार भगवान सूर्य की आराधना के लिए समर्पित होता है। ऐसे में षष्ठी तिथि और रविवार का संयोग छठ महापर्व की धार्मिक महत्ता को और बढ़ा रहा है। इस पावन अवसर पर व्रती संतान की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखेंगे।

उन्होंने बताया कि छठ व्रत में भगवान सूर्य को संध्या और प्रातः अर्घ्य अर्पित करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्योपासना से आरोग्य, बल, समृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ सूर्यदेव तथा छठी मइया की आराधना करते हैं।

छठ पूजा 2026 का पूरा कार्यक्रम और तिथियां

13 नवंबर : नहाय-खाय से छठ महापर्व की शुरुआत

छठ पूजा के पहले दिन व्रती पवित्र स्नान कर शुद्धता और सात्विकता के साथ पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसी दिन से चार दिवसीय छठ अनुष्ठान का संकल्प शुरू होगा।

14 नवंबर : खरना और 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत

दूसरे दिन खरना का अनुष्ठान किया जाएगा। व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को भगवान सूर्य तथा छठी मइया की पूजा करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर और गेहूं की रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। धार्मिक विधान के अनुसार, खरना का प्रसाद रात 9:01 बजे से पहले ग्रहण करना बताया गया है।

15 नवंबर : अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा संध्या अर्घ्य

छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान छठी मइया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाएगी। इस दिन सूर्यास्त का समय शाम 5:02 बजे निर्धारित है।

16 नवंबर : उदीयमान सूर्य को अर्घ्य, इसके बाद होगा पारण

महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सूर्योदय का समय सुबह 6:04 बजे निर्धारित है। व्रती भगवान सूर्य और छठी मइया से संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करेंगे। इसके बाद प्रसाद वितरण होगा और व्रती पारण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन करेंगे।

इस तरह चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था, शुद्धता और सूर्योपासना के साथ संपन्न होगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.