नोट में लिखा- सुबह 11:10 बजे विमान हाईजैक कर लेंगे, सूचना मिलते ही पायलट ने ATC को किया अलर्ट; आइसोलेशन बे में विमान की जांच
कोलकाता: एअर इंडिया की कोलकाता से मुंबई जा रही फ्लाइट को बुधवार सुबह हाईजैक करने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिला, जिसमें सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक करने की बात लिखी गई थी। नोट मिलने के बाद विमान के क्रू मेंबर्स ने तत्काल पायलट को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी और जांच शुरू की। घटना के समय विमान में 93 यात्री और पांच क्रू मेंबर सवार थे।
जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया का एयरबस A320neo विमान कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में धमकी से संबंधित नोट मिला। नोट में स्पष्ट रूप से लिखा था कि सुबह 11:10 बजे विमान हाईजैक कर लिया जाएगा।
धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था सतर्क कर दी गई। विमान की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि विमान विस्तारा की लिवरी में संचालित हो रहा था।
हाल के दिनों में विमान हाईजैक की धमकी और कोशिश की तीन घटनाएं
7 नवंबर : बेंगलुरु-लखनऊ इंडिगो फ्लाइट को मिली थी धमकी
बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-451 को 7 नवंबर को हाईजैक करने की धमकी मिली थी। विमान के टॉयलेट में धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने विमान को वापस बेंगलुरु ले जाने का फैसला किया था। इसके बाद केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई थी।
13 अक्टूबर : एअर इंडिया की फ्लाइट को मिला था हाईजैक अलर्ट
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की 13 अक्टूबर को जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। बताया गया था कि विमान से अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को हाईजैक का सिग्नल मिला था। विमान करीब 45 मिनट तक हवा में रहा। शुरुआती जांच में पायलट की गलती से अलर्ट मैसेज भेजे जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, पूछताछ के दौरान पायलट ने किसी भी तरह की गलती से इनकार किया था।
30 सितंबर : फ्लाईदुबई की फ्लाइट में पायलट पर कुल्हाड़ी से हमला
30 सितंबर को दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हाईजैक की कोशिश जैसी गंभीर घटना सामने आई थी। उड़ान के दौरान ओमान के को-पायलट ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए थे और विमान तेजी से नीचे आने लगा था। हालांकि, चालक दल और यात्रियों की मदद से हमलावर को काबू कर लिया गया था।



