विशेष अभियानों में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुआ चयन, आईजी-डीआईजी से लेकर आरक्षी स्तर तक के अधिकारी और जवान होंगे सम्मानित
रांची, 31 अक्टूबर। झारखंड पुलिस के लिए गौरव की खबर है। झारखंड जगुआर के महानिरीक्षक (आईजी) और आईपीएस अधिकारी अनूप बिरथरे समेत राज्य के 28 पुलिस अधिकारियों और जवानों का चयन वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए किया गया है। इन सभी को विशेष अभियान (स्पेशल ऑपरेशन) के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में आईजी, डीआईजी, डिप्टी कमांडेंट, डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, एएसआई, हवलदार और आरक्षी स्तर के पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं। सभी 28 पुलिसकर्मियों का चयन विशेष अभियान श्रेणी में किया गया है।
22 जनवरी से 30 जून तक के अभियानों में किया उत्कृष्ट कार्य
गृह मंत्रालय की सूची के अनुसार, चयनित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने 22 जनवरी से 30 जून 2026 के बीच संचालित विभिन्न विशेष अभियानों में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें इस पदक के लिए चुना गया है।
आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी भी शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए चयनित वरिष्ठ अधिकारियों में झारखंड जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महथा और डिप्टी कमांडेंट मिथिलेश कुमार शामिल हैं।
इसके अलावा डीएसपी ज्ञान रंजन, चंदन कुमार और प्रदीप कुमार तथा एसडीपीओ जयदीप लकड़ा को भी सम्मानित किया जाएगा।
इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर स्तर के चयनित अधिकारी
इंस्पेक्टर स्तर पर रमेश मुर्मू, अमित रोशन कुल्लू और मनोरंजन प्रसाद सिंह का चयन हुआ है।
सब इंस्पेक्टर स्तर पर अमृत केरकेट्टा, संदीप तिर्की, प्रभात कुमार महतो, गौतम राणा, दीनबंधु हांसदा, आकाश कुमार, पवन कुमार चौधरी, सैनिक समद, अमित कुमार पासवान और रोहित कुमार को पदक के लिए चुना गया है।
एएसआई, हवलदार और आरक्षी भी होंगे सम्मानित
चयनित पुलिसकर्मियों में एएसआई लोहरा मुंडा और माधव लाल टोप्पो शामिल हैं। इनके अलावा हवलदार जालिंद्र साहू तथा आरक्षी ऋषि रंजन, शिव कुमार महतो, फिरदौस अंसारी, राजकुमार महतो और मंगल सिंह हेम्ब्रम को भी केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक मिलेगा।
उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए दिया जाता है पदक
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं जवानों को विशेष अभियान सहित निर्धारित क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और पेशेवर दक्षता के लिए प्रदान किया जाता है। इसका उद्देश्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करना और सुरक्षा बलों में बेहतर कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
झारखंड के 28 पुलिस अधिकारियों और जवानों का एक साथ इस सम्मान के लिए चयन होना राज्य पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।



