सुबह कुहासा, दोपहर बाद कुछ इलाकों में हो सकती है बारिश; रविवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना
रांची, 31 अक्टूबर। झारखंड में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला हुआ रह सकता है। राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में 5 नवंबर तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय कुहासा छाए रहने का अनुमान है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो सकता है, जबकि दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
दारीसाई में सबसे अधिक, लातेहार में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के दारीसाई में राज्य का सबसे अधिक तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले तीन-चार दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश के कारण ठंड का एहसास बढ़ा है। हालांकि, शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह बादल छाए रहने के बाद दोपहर में आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई। इससे लोगों को हल्की गर्मी महसूस हुई।
कई जिलों के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी
मौसम साफ होने के कारण रांची समेत कई जिलों के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, रविवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
शनिवार को प्रमुख शहरों का तापमान
- रांची: अधिकतम 25.4 डिग्री, न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस
- जमशेदपुर: अधिकतम 28.4 डिग्री, न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस
- डाल्टनगंज: अधिकतम 24.6 डिग्री, न्यूनतम 21.9 डिग्री सेल्सियस
- बोकारो: अधिकतम 28.1 डिग्री, न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस
- चाईबासा: अधिकतम 29.4 डिग्री, न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में बादल, कुहासा और कुछ स्थानों पर बारिश का असर देखने को मिल सकता है।



