चाईबासा में दो दिवसीय झारखंड राज्य योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप शुरू हुई। 17 जिलों और 4 यूनिट के 400 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
झारखंड राज्य योगासन चैंपियनशिप शुरू, 17 जिलों के 400+ खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

चाईबासा: झारखंड योग एसोसिएशन के तत्वावधान में पश्चिमी सिंहभूम जिला योग संघ की मेजबानी में दो दिवसीय झारखंड राज्य योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ चाईबासा के पिल्लई हॉल में हुआ। प्रतियोगिता में राज्य के 17 जिलों और चार यूनिट से 400 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के संचालन के लिए करीब 30 रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी मौजूद हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन 11 अलग-अलग आयु वर्गों में किया जा रहा है। पहले दिन सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए, जबकि दूसरे दिन सुबह 9 बजे से सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी।
दीप प्रज्वलित कर हुआ प्रतियोगिता का उद्घाटन
चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर परिषद चेयरमैन नितिन प्रकाश, विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ बहामन टुडी, झारखंड योग संघ के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल, संजय कुमार झा, आदित्य कुमार सिंह और पंकज प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
आगंतुकों का स्वागत पश्चिमी सिंहभूम जिला योग संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने किया। वहीं आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी संघ के सचिव दीपक प्रसाद ने दी। कार्यक्रम का संचालन विकास दोधराजका ने किया।
400 से अधिक प्रतिभागी, 30 रेफरी संभाल रहे जिम्मेदारी
झारखंड योग संघ के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्यभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी पहुंचे हैं। 17 जिलों और चार यूनिट के 400 से अधिक प्रतिभागी अलग-अलग आयु वर्गों में अपनी योगासन प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एसआर रूंगटा ग्रुप, चाईबासा का महत्वपूर्ण सहयोग है। झारखंड योग संघ और पश्चिमी सिंहभूम जिला योग संघ ने प्रायोजक संस्था के प्रति आभार जताया।
झारखंड टीम का होगा चयन
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर सब-जूनियर और जूनियर वर्ग की झारखंड टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम आगामी अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में जयपुर में आयोजित होने वाली 51वीं राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।
दूसरे दिन सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता
प्रतियोगिता के दूसरे दिन सुबह 9 बजे से सीनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राज्य स्तर पर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में झारखंड योग संघ के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज प्रसाद, महासचिव आदित्य कुमार सिंह, तकनीकी निदेशक वैशाली कर्मकार समेत संघ के पदाधिकारी, रेफरी, प्रशिक्षक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



