रांची: झारखंड में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 11 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कांके में ओलावृष्टि भी हुई। दक्षिणी झारखंड के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र सक्रिय रहने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
रांची समेत कई जिलों में बारिश की संभावना
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में धनबाद के तोपचांची में सबसे अधिक 113.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं जगन्नाथपुर में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लातेहार में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
8 और 9 अक्टूबर को कई जगह बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 8 और 9 अक्टूबर को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
9 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
10-11 अक्टूबर से मौसम में सुधार के संकेत
10 और 11 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर आंशिक बादल और गरज वाले बादल बन सकते हैं। न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने तथा राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
इन जिलों में तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। खासकर उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह तथा आसपास के मध्य भागों में धनबाद और बोकारो में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।


