JPSC परीक्षा घोटाले में CID की बड़ी कार्रवाई, रांची, बोकारो और पलामू में एक साथ छापेमारी

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने सोमवार को राज्य के कई जिलों में एक साथ बड़े पैमाने पर छापेमारी की। रांची, बोकारो और पलामू सहित विभिन्न स्थानों पर कई घंटों तक चली

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने सोमवार को राज्य के कई जिलों में एक साथ बड़े पैमाने पर छापेमारी की। रांची, बोकारो और पलामू सहित विभिन्न स्थानों पर कई घंटों तक चली कार्रवाई के दौरान जांच टीमों ने दस्तावेजों की जांच की, कई लोगों से पूछताछ की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए।

रांची के कोचिंग संस्थान में CID की छापेमारी

राजधानी रांची में CID की टीम ने एक निजी कोचिंग संस्थान में पहुंचकर दस्तावेजों की गहन जांच की। संस्थान से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई परीक्षा माफिया अभय तिवारी से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर की गई।

बोकारो में पूर्व JPSC सदस्य के आवास की जांच

बोकारो के सेक्टर-3 स्थित पूर्व JPSC सदस्य सनात प्रकाश के सरकारी आवास पर भी CID की टीम पहुंची। हालांकि आवास लंबे समय से खाली बताया जा रहा है, फिर भी अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।

पलामू में तीन स्थानों पर तलाशी

CID ने पलामू जिले में एक साथ तीन स्थानों पर छापेमारी की। टीम ने मेदिनीनगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार, शिक्षक संतोष कुमार सिंह के आवास तथा नौडीहा बाजार स्थित पैतृक घर की तलाशी ली। पुलिस की मौजूदगी में कमरों, अलमारियों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान कई अहम दस्तावेज और संभावित साक्ष्य जब्त किए गए।

डिजिटल साक्ष्यों और नेटवर्क की भी जांच

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, CID की जांच केवल परीक्षा में कथित गड़बड़ियों तक सीमित नहीं है। एजेंसी परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों, संपर्कों और संभावित नेटवर्क की भी गहन पड़ताल कर रही है। जब्त सामग्री का तकनीकी विश्लेषण कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच जारी, सामने आ सकते हैं नए खुलासे

CID अधिकारियों का कहना है कि राज्यभर से जुटाए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। माना जा रहा है कि इस मामले में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.