JSSC CGL पर हाईकोर्ट की रोक से चयनित अभ्यर्थियों में जश्न, प्रोजेक्ट भवन के बाहर गूंजा राष्ट्रगान

JSSC CGL परीक्षा रद्द करने के फैसले पर झारखंड हाईकोर्ट की रोक के बाद चयनित अभ्यर्थियों में जश्न। प्रोजेक्ट भवन के बाहर राष्ट्रगान गाकर जताई खुशी… Ranchi News: झारखंड में पिछले चार दिनों से JSSC CGL के चयनित अभ्यर्थियों के बीच चल रही उहापोह और

JSSC CGL परीक्षा रद्द करने के फैसले पर झारखंड हाईकोर्ट की रोक के बाद चयनित अभ्यर्थियों में जश्न। प्रोजेक्ट भवन के बाहर राष्ट्रगान गाकर जताई खुशी

Ranchi News: झारखंड में पिछले चार दिनों से JSSC CGL के चयनित अभ्यर्थियों के बीच चल रही उहापोह और विरोध-प्रदर्शन के बीच शुक्रवार का दिन उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया। झारखंड हाईकोर्ट द्वारा JSSC CGL परीक्षा रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर रोक लगाए जाने की खबर के बाद चयनित अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

प्रोजेक्ट भवन के बाहर पिछले चार दिनों से अपनी सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे नवनियुक्त अधिकारियों ने अदालत के आदेश का स्वागत किया। खुशी से भावुक हुए अभ्यर्थियों ने जमीन को चूमकर न्यायपालिका के प्रति आभार जताया।

प्रोजेक्ट भवन के बाहर जमकर मनाया जश्न

हाईकोर्ट के आदेश की जानकारी मिलते ही प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। इसके बाद सभी ने एक सुर में राष्ट्रगान गाकर अपनी खुशी और कृतज्ञता व्यक्त की।

सचिवालय के मुख्य द्वार के सामने अभ्यर्थियों ने जमकर जश्न मनाया। लंबे समय से सेवा सुरक्षा को लेकर सड़क पर रात गुजार रहे चयनित कर्मियों के चेहरों पर इस दौरान राहत और खुशी साफ दिखाई दी।

चार दिनों से चल रहा था प्रदर्शन

JSSC CGL परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के बाद चयनित अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति और सेवा सुरक्षा को लेकर प्रोजेक्ट भवन के बाहर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। बारिश के बावजूद अभ्यर्थी खुले आसमान के नीचे अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्होंने मेरिट के आधार पर परीक्षा पास की और इसके बाद सरकारी सेवा में योगदान दिया। परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले से उनके भविष्य और नौकरी पर संकट खड़ा हो गया था।

‘यह वर्षों की मेहनत और सत्य की जीत’

अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट के फैसले को अपनी वर्षों की मेहनत और सत्य की जीत बताया। उनका कहना था कि वे चयन प्रक्रिया में सफल होकर पूरी निष्ठा से सरकारी सेवा कर रहे थे। अचानक लिए गए फैसले से उनके करियर पर संकट मंडरा रहा था।

अदालत के आदेश के बाद प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने न्यायपालिका के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा होगी।

हाईकोर्ट के फैसले से 1,932 चयनित अभ्यर्थियों को राहत

JSSC CGL परीक्षा के माध्यम से चयनित 1,932 अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट के आदेश से तत्काल राहत मिली है। राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के बाद JSSC CGL समेत कई परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया था।

अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति और सेवा को लेकर उत्पन्न तत्काल संकट फिलहाल टल गया है। मामले की आगे की न्यायिक प्रक्रिया और विस्तृत आदेश के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.