लातेहार के बालूमाथ में पुलिस ने TSPC कमांडर रोहन गंझु को गिरफ्तार किया है। उसके घर से देशी रायफल बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ लातेहार और चतरा में कई मामले दर्ज हैं।
Latehar News: TSPC कमांडर रोहन गंझु गिरफ्तार, घर से देशी रायफल बरामद…
लातेहार, 8 सितंबर। लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरवाटोली गांव में छापेमारी कर पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) के सक्रिय कमांडर रोहन गंझु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर की तलाशी के दौरान एक देशी रायफल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रोहन गंझु के खिलाफ लातेहार और चतरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नक्सली हिंसा से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
एसपी को मिली थी रोहन गंझु के गांव पहुंचने की सूचना
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि TSPC का सक्रिय कमांडर रोहन गंझु अपने गांव बरवाटोली आया हुआ है।
सूचना की पुष्टि के बाद एसपी ने बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
घर को चारों तरफ से घेरकर किया गिरफ्तार
पुलिस टीम ने बरवाटोली गांव पहुंचकर रोहन गंझु के घर को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घर की तलाशी लेने पर पुलिस को एक देशी रायफल बरामद हुई।
पुलिस अब बरामद हथियार और आरोपित से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
लातेहार और चतरा में दर्ज हैं कई मामले
डीएसपी के मुताबिक, रोहन गंझु पूर्व में कई उग्रवादी संगठनों से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ लातेहार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नक्सली हिंसा से संबंधित पांच से अधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा चतरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस टीम की कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
रोहन गंझु की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी की कार्रवाई में बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा, एसआई धीरज कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार, मनोज कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



