पति ने पिस्टल संभालते समय अचानक गोली चलने का किया दावा, पुलिस ने हथियार बरामद कर शुरू की जांच; राष्ट्रपति की बेटी आसिफा भुट्टो ने निष्पक्ष जांच की मांग की
रावलपिंडी: पाकिस्तान के रावलपिंडी में टीवी एंकर राबिया अहसान की गोली लगने से मौत हो गई। रविवार को अपने घर में उन्हें गले के नीचे गोली लगी थी। घटना के बाद उनके पति ने दावा किया कि पिस्टल संभालते समय अचानक गोली चल गई। उनका कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि पिस्टल में गोली भरी हुई है। हालांकि, राबिया के भाई की शिकायत पर पुलिस ने उनके पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने गोली चलाने में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
घर के लॉन में थीं दोनों बेटियां और नानी
रावलपिंडी के सिटी पुलिस अधिकारी हसन सुखेरा के मुताबिक, घटना के समय राबिया की 13 और 11 साल की दोनों बेटियां घर के लॉन में अपनी नानी के साथ बैठी थीं। पुलिस ने घर में काम करने वाले एक कर्मचारी से भी पूछताछ की है।
मामले में सदर बेरूनी थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया है। पंजाब फोरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। राबिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया था। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
निजी टीवी चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट थीं राबिया
41 वर्षीय राबिया अहसान रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाके में रहती थीं। वह एक निजी टीवी चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट के रूप में काम कर रही थीं। इससे पहले वह वरिष्ठ पत्रकार आमिर मतीन और रऊफ क्लासरा के साथ करंट अफेयर्स का कार्यक्रम भी होस्ट कर चुकी थीं।
आसिफा भुट्टो ने की निष्पक्ष जांच की मांग
राबिया की मौत पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी ने दुख जताया है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
आसिफा ने रावलपिंडी में महिलाओं की हत्या की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने अगस्त में इसी शहर में मारी गई 45 वर्षीय डिजिटल मीडिया अधिकारी हिना जावेद का भी उल्लेख किया। हिना अपने घर में मृत मिली थीं और उनके शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे।
पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 1.73 लाख से अधिक मामले
पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और हत्या की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। पाकिस्तान के मानवाधिकार मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021 से 2024 के बीच महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 1.73 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए।



