
नई दिल्ली: रणबीर कपूर, सनी देओल और यश स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिरती नजर आ रही है। श्री रामलीला महासंघ ने फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और प्रोडक्शन हाउस को पत्र लिखकर मांग की है कि फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने से पहले महासंघ के प्रतिनिधियों को विशेष स्क्रीनिंग के जरिए दिखाया जाए। महासंघ का कहना है कि यदि फिल्म में भगवान श्रीराम, रामायण या सनातन धर्म से जुड़े पात्रों का गलत चित्रण हुआ तो देशभर में विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

रिलीज से पहले स्पेशल स्क्रीनिंग की मांग
श्री रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने पत्र में कहा है कि फिल्म की रिलीज से पहले एक विशेष शो आयोजित किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी धार्मिक पात्र या सनातन परंपरा का गलत चित्रण न हो। महासंघ का दावा है कि उन्हें फिल्म के कुछ संभावित दृश्यों को लेकर शिकायतें मिली हैं।

विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई और फिल्म में आपत्तिजनक दृश्य पाए गए, तो दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में सिनेमाघरों के बाहर बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन और धरना दिया जाएगा। हालांकि, अब तक निर्देशक नितेश तिवारी या फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
‘आदिपुरुष’ का दिया उदाहरण
महासंघ ने अपने पत्र में साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘आदिपुरुष’ का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि उस फिल्म में भगवान राम, रावण और लंका के चित्रण को लेकर भारी विवाद हुआ था, जिसके चलते फिल्म को व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा और बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मेगा बजट फिल्म में:
- रणबीर कपूर – भगवान श्रीराम
- साई पल्लवी – माता सीता
- यश – रावण
- सनी देओल – भगवान हनुमान
- रवि दुबे – लक्ष्मण
- अरुण गोविल – राजा दशरथ
इसके अलावा लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ए.आर. रहमान और Hans Zimmer तैयार कर रहे हैं संगीत
फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार Hans Zimmer मिलकर तैयार कर रहे हैं। वहीं, विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG संभाल रही है।
4000 करोड़ रुपये के बजट की मेगा फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दो भागों में बनने वाली ‘रामायण’ का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो गई है। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होगा।



