Ranchi Dengue News: बारिश के बाद रांची में मच्छरों का प्रकोप बढ़ा। VIP इलाकों में रोजाना फॉगिंग और आम मोहल्लों में रोस्टर व्यवस्था को लेकर लोगों ने नगर निगम पर सवाल उठाए…
Ranchi: राजधानी रांची में बारिश के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। डेंगू के बढ़ते खतरे के बीच शहर के कई इलाकों में जलजमाव और फॉगिंग की अनियमित व्यवस्था से आम लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि कई मोहल्लों में नियमित फॉगिंग नहीं हो रही है। कभी-कभार फॉगिंग मशीन पहुंचती है और इसके बाद कई दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं होती।
बारिश के बाद जगह-जगह जमा पानी मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ा रहा है। ऐसे में लोगों ने रांची नगर निगम से फॉगिंग अभियान तेज करने और जलजमाव वाले इलाकों में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
रांची नगर निगम के पास 3 थर्मल और 9 कोल्ड फॉगिंग मशीन
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, निगम के पास 3 थर्मल फॉगिंग मशीन, 9 कोल्ड फॉगिंग मशीन और प्रत्येक वार्ड में 4 नैपसैक स्प्रे मशीन उपलब्ध हैं। निगम के 53 वार्डों में रोस्टर के आधार पर फॉगिंग कराई जा रही है। वहीं 8 वार्डों में रोजाना कोल्ड फॉगिंग किए जाने की बात कही गई है।
हालांकि, तीन थर्मल फॉगिंग मशीनों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, इन मशीनों को रोजाना VIP इलाकों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब डेंगू और मच्छरों का खतरा पूरे शहर में है, तो थर्मल फॉगिंग की सुविधा चुनिंदा इलाकों तक ही क्यों सीमित है?
कांके से IAS कॉलोनी तक रोजाना फॉगिंग
नगर निगम के अनुसार कांके, अशोक नगर, गवर्नर हाउस क्षेत्र और IAS कॉलोनी जैसे इलाकों में रोजाना फॉगिंग की जा रही है। वहीं शहर के अन्य इलाकों में फॉगिंग रोस्टर के आधार पर हो रही है।
इस व्यवस्था को लेकर आम लोगों में नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि जब मच्छरों का खतरा पूरे शहर में है और नगर निगम को टैक्स भी पूरे शहर से मिलता है, तो फॉगिंग की सुविधा में इतना अंतर क्यों है?
VIP इलाकों में रोज फॉगिंग, आम मोहल्लों को करना पड़ रहा इंतजार
स्थानीय लोगों का कहना है कि VIP इलाकों में सफाई, कचरा उठाव और मच्छर नियंत्रण जैसी सुविधाएं अपेक्षाकृत तेजी से मिलती हैं, जबकि आम मोहल्लों में शिकायत के बाद भी लोगों को फॉगिंग के लिए इंतजार करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि डेंगू का मच्छर इलाके या व्यक्ति में अंतर नहीं करता, इसलिए मच्छर नियंत्रण की व्यवस्था भी सभी इलाकों में समान रूप से प्रभावी होनी चाहिए।
सिर्फ फॉगिंग से नहीं रुकेगा डेंगू, जलजमाव पर भी कार्रवाई जरूरी
बारिश के बाद कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे स्थान मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल हो सकते हैं। इसलिए केवल फॉगिंग के बजाय जलजमाव की पहचान, पानी की निकासी और एंटी-लार्वा अभियान पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
अगर बारिश के मौसम में मच्छर नियंत्रण अभियान तेज नहीं किया गया तो डेंगू समेत मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
फॉगिंग के लिए इस नंबर पर करें शिकायत
रांची नगर निगम क्षेत्र में फॉगिंग की जरूरत होने पर लोग 18005701235 नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



