भारत-वेस्टइंडीज टी-20 को लेकर रांची में क्रिकेट का जुनून, वैभव और श्रेयस की जर्सी की बढ़ी मांग

रांची, 9 अक्टूबर। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर राजधानी रांची में क्रिकेट का उत्साह चरम पर है। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम के आसपास शुक्रवार सुबह से ही क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी। स्टेडियम के बाहर सजी अस्थायी दुकानों पर

रांची, 9 अक्टूबर। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर राजधानी रांची में क्रिकेट का उत्साह चरम पर है। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम के आसपास शुक्रवार सुबह से ही क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी। स्टेडियम के बाहर सजी अस्थायी दुकानों पर भारतीय टीम की नीली जर्सी, तिरंगे और क्रिकेट से जुड़ी अन्य सामग्री की खूब मांग देखने को मिली। खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी और श्रेयस अय्यर की जर्सी को लेकर प्रशंसकों में उत्साह नजर आया।

मैच को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुरक्षा में 518 पुलिस पदाधिकारियों और 1,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। स्टेडियम के अंदर से लेकर बाहरी परिसर, पार्किंग स्थलों और प्रमुख चौराहों तक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

वैभव सूर्यवंशी और श्रेयस अय्यर की जर्सी का क्रेज

स्टेडियम के आसपास सड़क किनारे लगी दुकानों पर भारतीय टीम की जर्सी और तिरंगे खरीदने के लिए क्रिकेट प्रशंसक पहुंच रहे हैं। युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की नंबर 03 वाली जर्सी और श्रेयस अय्यर की नंबर 96 वाली जर्सी को लेकर विशेष आकर्षण देखा जा रहा है। प्रशंसक अपनी पसंदीदा टीम और खिलाड़ियों के समर्थन में जर्सी खरीद रहे हैं।

मैच के माहौल ने स्टेडियम के आसपास के इलाके को क्रिकेट के रंग में रंग दिया है। दुकानदारों को भी मुकाबले के दौरान जर्सी और तिरंगे की मांग बढ़ने की उम्मीद है।

बैग और हेलमेट रखने के लिए 50 रुपये

मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए बैग और हेलमेट रखना परेशानी का कारण बन सकता है। जेएससीए प्रबंधन के अनुसार, स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर बैग या हेलमेट जमा करने की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में स्टेडियम के बाहर कुछ स्थानीय लोगों ने अस्थायी स्टॉल लगाए हैं, जहां बैग या हेलमेट रखने के लिए प्रति सामान 50 रुपये लिए जा रहे हैं।

दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे स्टेडियम पहुंचने से पहले प्रतिबंधित सामान की जानकारी ले लें और अनावश्यक सामान साथ न लाएं।

दोपहर तीन बजे से खुलेगा प्रवेश द्वार

जेएससीए प्रबंधन के अनुसार, दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर तीन बजे से खोले जाएंगे। प्रवेश के लिए वैध टिकट अनिवार्य है। बच्चों और नवजात शिशुओं के लिए भी टिकट लेना जरूरी बताया गया है। बिना टिकट किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

स्टेडियम के भीतर पानी की बोतल, सिक्के, सिगरेट लाइटर, हेलमेट, बैग, डीएसएलआर कैमरा और खाने-पीने का सामान ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। दर्शकों को अपने टिकट पर निर्धारित विंग में ही बैठना होगा। एक विंग से दूसरे विंग में जाने की अनुमति नहीं होगी।

दर्शकों की सुविधा के लिए एमएस धोनी पवेलियन, मीडिया बॉक्स और विभिन्न विंग की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। जगह-जगह दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि दर्शक आसानी से अपनी निर्धारित सीट तक पहुंच सकें।

सुरक्षा में 518 अधिकारी और 1,200 जवान तैनात

मुकाबले की सुरक्षा व्यवस्था को दो हिस्सों में बांटा गया है। स्टेडियम के अंदर स्टैंड, पवेलियन और संवेदनशील गैलरी में 335 पुलिस पदाधिकारियों तथा 850 जवानों की तैनाती की जानकारी दी गई है। ये कर्मी भीड़ नियंत्रण, दर्शकों की गतिविधियों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

वहीं, स्टेडियम के बाहरी परिसर, पार्किंग स्थलों, जांच बैरिकेड और प्रमुख चौराहों पर 183 पुलिस पदाधिकारियों तथा 350 जवानों को तैनात किया गया है। महिला दर्शकों की सुरक्षा और तलाशी के लिए 400 महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

पूरी व्यवस्था की निगरानी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के स्तर से की जा रही है। प्रवेश जांच, भीड़ प्रबंधन और वीआईपी मूवमेंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

होटल से स्टेडियम तक सुरक्षा व्यवस्था

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के अनुसार, भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को देखते हुए होटल रेडिसन ब्लू से लेकर जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है, ताकि दर्शकों को परेशानी न हो और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

क्रिकेट प्रशंसकों के उत्साह के बीच पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और दर्शकों की सुविधा बनाए रखना है। स्टेडियम में प्रवेश से लेकर मैच समाप्त होने के बाद दर्शकों की सुरक्षित निकासी तक सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.