Ranchi Women University: रांची में प्रस्तावित महिला यूनिवर्सिटी के लिए भूमि पूजन और फाउंडेशन स्टोन कार्यक्रम हुआ। रामदास अठावले ने महिला शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बताया महत्वपूर्ण पहल…
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। रांची के वर्ल्ड बुद्धा फाउंडेशन, बुद्धिस्ट मिशन कैंपस, बोधगया रोड में प्रस्तावित महिला यूनिवर्सिटी के लिए भूमि पूजन और फाउंडेशन स्टोन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले शामिल हुए।
महिला शिक्षा को मिलेगी नई दिशा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामदास अठावले ने प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय को महिला शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के माध्यम से बच्चियों को शुरुआती शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा पूरी करने के बाद छात्राएं रोजगार, व्यवसाय और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। महिला शिक्षा को परिवार और समाज के सशक्तिकरण का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए भी विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं की शिक्षा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की बात कही गई। उद्देश्य है कि पैसे की कमी के कारण किसी छात्रा की पढ़ाई बाधित न हो और उसे आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।
व्यावसायिक शिक्षा पर भी रहेगा जोर
वर्ल्ड बुद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. हरीश सांकृत्यायन ने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय में छात्राओं को शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष बनाने के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा भी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक अध्ययन की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें बेहतर एवं विकसित समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम में कई लोग रहे मौजूद
भूमि पूजन और फाउंडेशन स्टोन कार्यक्रम में वर्ल्ड बुद्धा फाउंडेशन के ट्रस्टी अनिल कुमार तिवारी, रेखा शर्मा सहित विभिन्न यूनिट के पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी, संस्थान के कर्मचारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग मौजूद रहे।
प्रस्तावित महिला यूनिवर्सिटी को रांची में महिला शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।



