तमिलनाडु के सीएम विजय ने विधानसभा में कई बड़ी घोषणाएं कीं। 2.5 लाख तक आय वाले परिवारों को साल में 3 मुफ्त LPG सिलेंडर, महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए मुफ्त बस यात्रा का ऐलान…
Tamil Nadu Free Schemes: सीएम विजय का बड़ा ऐलान, गरीब परिवारों को 3 मुफ्त LPG सिलेंडर और महिलाओं की बस यात्रा फ्री..
चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में कई बड़ी कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। इनमें कम आय वाले परिवारों को साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का दायरा बढ़ाने और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी घोषणाएं शामिल हैं।
2.5 लाख तक आय वाले परिवारों को साल में 3 मुफ्त LPG सिलेंडर
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में बताया कि जिन परिवारों की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है, उन्हें साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस योजना को ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ के तहत पोंगल 2027 से शुरू करने की घोषणा की गई है।
सरकार के मुताबिक, इस योजना का लाभ करीब 1.30 करोड़ परिवारों को मिलने की उम्मीद है। तीन LPG सिलेंडरों की कीमत की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सरकार पर इस योजना से करीब 4,000 करोड़ रुपये सालाना का वित्तीय भार पड़ने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि LPG की कीमतों में बढ़ोतरी और गैस सिलेंडर की उपलब्धता से परिवारों पर बढ़ रहे आर्थिक दबाव को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का दायरा बढ़ेगा
तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना का दायरा बढ़ाने का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2 अक्टूबर से राज्य की महिलाएं एक्सप्रेस और डीलक्स बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस योजना को ‘वेट्री पयनम’ नाम दिया गया है।
सरकार का कहना है कि परिवहन खर्च के कारण किसी महिला को शिक्षा, रोजगार या अन्य अवसरों से वंचित न होना पड़े, इसी उद्देश्य से योजना का विस्तार किया जा रहा है।
ट्रांसजेंडर समुदाय को भी मुफ्त बस यात्रा
मुख्यमंत्री ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए भी मुफ्त बस यात्रा की घोषणा की है। सरकार का दावा है कि इससे सार्वजनिक परिवहन तक पहुंच आसान होगी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत मिलेगी।
परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट पर सरकार का रुख कायम
विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई के पास परंदूर में प्रस्तावित एयरपोर्ट को लेकर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार फिलहाल इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ाने के अपने फैसले पर कायम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित एयरपोर्ट के कारण प्रभावित होने वाले परिवारों के साथ सरकार खड़ी है। उन्होंने कहा कि ऐसा स्थान चुना जाना चाहिए, जहां एयरपोर्ट निर्माण के लिए लोगों को विस्थापित न होना पड़े। सरकार वैकल्पिक स्थानों पर विचार कर रही है और कुछ संभावित जगहों की पहचान भी की गई है।
चेन्नई एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल-5
सरकार के अनुसार, फिलहाल मीनाम्बक्कम स्थित चेन्नई एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल-5 बनाने की योजना है। इसे एयरपोर्ट की मौजूदा क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


