झारखंड में लो-प्रेशर एरिया के प्रभाव से मानसून सक्रिय हो गया है। 24 से 28 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट है। रांची में भी बारिश के आसार हैं…
Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तरी ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो-प्रेशर एरिया और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसम प्रणाली अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकती है। इसके चलते झारखंड में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
झारखंड में अगले चार-पांच दिन बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही।
इस दौरान गुमला में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है।
वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट
बारिश के साथ राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात और तेज हवाओं की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वज्रपात के समय खुले मैदान, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
24 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
24 अगस्त को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इनमें सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, गढ़वा, पलामू, चतरा और गिरिडीह में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
25 और 26 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
25 से 26 अगस्त के दौरान दक्षिण और मध्य झारखंड के जिलों में बारिश का जोर बना रह सकता है। सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
27-28 अगस्त को रांची समेत कई जिलों में बारिश
27 और 28 अगस्त को मध्य एवं उत्तर-पश्चिमी झारखंड में बारिश बढ़ सकती है। रांची, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, लातेहार, चतरा और गिरिडीह के साथ दक्षिणी जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है।
रांची में 28 अगस्त तक बारिश के आसार
राजधानी रांची में 24 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
25 से 28 अगस्त के बीच रांची में दिन में दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।


