रांची के ट्यूलिप हॉस्पिटल का लाइसेंस स्वास्थ्य विभाग ने अंतरिम रूप से निलंबित कर दिया है। नई ओपीडी, आईपीडी भर्ती और वैकल्पिक सर्जरी पर रोक लगाई गई है।
Tulip Hospital Ranchi: ट्यूलिप हॉस्पिटल का लाइसेंस निलंबित, नई भर्ती और इलाज पर रोक…
रांची, 12 सितंबर। रांची के रिंग रोड स्थित ट्यूलिप हॉस्पिटल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। 10 सितंबर को अस्पताल में हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देश पर रांची के सिविल सर्जन ने अस्पताल का पंजीकरण/लाइसेंस तत्काल प्रभाव से अंतरिम रूप से निलंबित कर दिया है। यह निलंबन विस्तृत जांच पूरी होने और सक्षम प्राधिकारी के अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
नई ओपीडी और आईपीडी भर्ती पर रोक
निलंबन आदेश के तहत ट्यूलिप हॉस्पिटल में निम्नलिखित सेवाओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है—
- नए ओपीडी मरीजों का पंजीकरण और इलाज
- नए आईपीडी मरीजों की भर्ती
- नई वैकल्पिक सर्जरी
- अन्य नई चिकित्सकीय सेवाएं
हालांकि, अस्पताल में पहले से भर्ती मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जरूरत पड़ने पर इन मरीजों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था भी अस्पताल प्रबंधन को करनी होगी।
केस शीट और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने विस्तृत जांच के लिए अस्पताल प्रबंधन को सभी जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है। इनमें शामिल हैं—
- मरीजों की केस शीट
- ओपीडी और आईपीडी रजिस्टर
- उपचार से संबंधित दस्तावेज
- डॉक्टरों और कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर
- सीसीटीवी फुटेज
- अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य
इन्हीं दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर 10 सितंबर को हुई घटना की विस्तृत जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी सख्त चेतावनी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अस्पताल मरीजों के इलाज के लिए होते हैं, दबंगई या दुर्व्यवहार के लिए नहीं। मरीजों और उनके परिजनों के साथ किसी भी तरह का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि बकाया राशि के नाम पर किसी मृत मरीज का शव रोकना या उसके परिजनों को प्रताड़ित करना गंभीर मामला है। ऐसी स्थिति में संबंधित अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच पूरी होने तक जारी रहेगा निलंबन
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद ट्यूलिप हॉस्पिटल में नई चिकित्सा सेवाओं और नए मरीजों की भर्ती पर रोक रहेगी। विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही अस्पताल के खिलाफ आगे की कार्रवाई और लाइसेंस के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।



