टिहरी में पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, आठ की मौत; रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रही कार दुर्घटनाग्रस्त, चार लोगों ने गंवाई जान
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह दो भीषण सड़क हादसों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिले में हुए अलग-अलग हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। टिहरी में यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। वहीं, रुद्रप्रयाग में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
टिहरी में नदी में गिरी बस, आठ यात्रियों की मौत
पहला हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में गूलर बाजार के पास हुआ। यहां हरिद्वार से जोशीमठ जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। हादसे के समय बस में करीब 35 लोग सवार थे। दुर्घटना में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए।
टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया। सात यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घायलों में 18 लोगों को बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। वहीं, सात अन्य घायलों का उपचार ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में चल रहा है।
टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि घटनास्थल पर तीव्र मोड़ है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
रुद्रप्रयाग में खाई में गिरी कार, चार की मौत
दूसरा हादसा सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, पोखरी से रांसी जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी यात्रियों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान ऊखीमठ के रांसी गांव निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), देड़ा गांव निवासी सूरत सिंह (42) और दादा गैड़ गांव निवासी बलबीर सिंह (70) के रूप में हुई है। घायलों में कांथा गांव निवासी पूजा देवी (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी वंशिका भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों सड़क हादसों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
दोनों हादसों के बाद दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है।



